प्रतिमा लेकर गाजे बाजे के साथ निकले मंडलों के सदस्य
Dhanteras 2025/मुलताई। नगर में प्रतिवर्ष धनतेरस पर्व पर जगह जगह मां लक्ष्मी प्रतिमाओ की स्थापना होती है। इसी परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी धनतेरस पर्व पर नगर सहित ग्रामीण अंचलों में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं की धूमधाम से स्थापना की गई। मां लक्ष्मी मंडलों के सदस्य धूमधाम से मूर्तिकारों के पास से प्रतिमाएं स्थापना स्थल पर ले गए इस दौरान मां लक्ष्मी के जयकारे लगाए गए। नगर में विगत कुछ वर्षों से बड़ी संख्या में मां लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना हो रही है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में प्रतिमाओं की स्थापना हुई जिनका 10 दिनों तक विधि विधान से पूजन करने के उपरांत विसर्जन किया जाएगा। मंडलों के सदस्यों ने बताया कि 10 दिनों तक मां लक्ष्मी प्रतिमाओं के समक्ष धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान संपन्न होते हैं जिसके बाद विधि विधान से विसर्जन किया जाता है। इसके साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है जिससे विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष मूर्तिकारों के पास अधिक प्रतिमाओं का निर्माण हुआ।