Betul News Today/मुलताई। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में ग्राम बघोली में शरद पूर्णिमा से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तक दिंडी यात्रा के माध्यम से भजन-कीर्तन और ग्राम भ्रमण किया गया। इस धार्मिक और सामाजिक यात्रा का समापन कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम के हनुमान मंदिर परिसर में राष्ट्र जागरण दीप महायज्ञ के रूप में किया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार मुलताई के वरिष्ठ परिजन उपस्थित रहे। ग्रामवासियों को निरंतर साधना, उपासना और स्वाध्याय से जुड़े रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में ग्राम बघौली सहित बाड़ियां के परिजन भी उपस्थित रहे। दीप महायज्ञ की पूर्णाहुति पर उपस्थित जनों ने एक-एक बुराई छोड़ने, ग्राम स्वच्छता बनाए रखने, नशामुक्ति एवं साधना अभियान को गति देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम के तुलसीराम उघड़े, माणिकराव भीदेशमुख, किस्मतराव साबले, कचरू साबले, पंजाबराव उकंडे, दुर्गेश वागद्रे तथा महिला मंडल की सदस्याओं ने आगामी समय में पाँच कुण्डी गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा आयोजन का भी संकल्प लिया।
Read Also: किसान संघर्ष समिति करेगी मुख्यमंत्री के किसान विरोधी तुगलकी फरमान का विरोध

