सम्मेलन में शहीद किसानों के परिजनों और 30 प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा
BETUL NEWS/मुलताई । नगर में रविवार शाम शहीद किसानों की स्मृति में मशाल जुलूस निकला गया। किसान संघर्ष समिति के डॉ सुनीलम ने बताया कि नगर में 12 जनवरी 1998 को पुलिस गोली चालन में शहीद हुए 24 किसानों को श्रद्धांजलि देने महात्मा गांधी के प्रपौत्र एवं हम भारत के लोग के राष्ट्रीय संयोजक तुषार गांधी, बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी जी कोलसे पाटिल, हिंद मजदूर किसान पंचायत के राष्ट्रीय महामंत्री असीम रॉय, वरिष्ठ पर्यावरणविद सौम्य दत्ता, सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज मीठीबोरवाला, जन स्वास्थ्य अभियान इंडिया के संयोजक अमूल्य निधि, सामाजिक कार्यकर्ता नवनीत सिंह गांधी,भारतीय किसान यूनियन परिवर्तनवादी के संस्थापक चौधरी के पी सिंह, महावीर समता संदेश के संपादक हिम्मत सेठ, वरिष्ठ पत्रकार डॉ सलीम खान, सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डी, किसान संघर्ष समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुशीला ताई मोराळे, राष्ट्रीय सचिव मायाताई चौरे मुलतापी पहुंच रहे हैं l
उन्होंने बताया कि तुषार गांधी एवं जस्टिस कोलसे पाटिल सोमवार सुबह नागपुर से मुलताई पहुंचेंगे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव बोरदेही में किसानों की सभा को संबोधित करने के बाद मुलतापी पहुंच चुके हैं। डॉ सुनीलम ने बताया कि शहीद किसानों की स्मृति में किसान संघर्ष समिति कार्यालय से शहीद किसान स्तंभ बस स्टैंड तक मसाल जुलूस निकाला गया तथा शहीद किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
डॉ सुनीलम ने बताया कि 12 जनवरी की सुबह 9 बजे परमंडल स्थित शहीद किसान स्तंभ एवं शहीद मनोज चौरे को पुष्पांजलि दी जाएगी तथा सुबह 10 बजे शहीद किसान स्तंभ बस स्टैंड पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी । 28 वां शहीद किसान स्मृति सम्मेलन एवं 337वीं किसान पंचायत सुबह 11 बजे शुरू होगी। दोपहर 1 बजे तुषार गांधी एवं जस्टिस कोलसे पाटिल सहित अन्य अतिथियों का संबोधन होगा ।
Read Also: खतेड़ा कला में आग लगने से मवेशियों का कोठा जला, गाय और बछड़ा झुलसे
सम्मेलन में शहीद किसानों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा तथा विद्या नर्मदा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा शहीद किसानों की स्मृति में 30 प्रतिभाशाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सम्मेलन द्वारा मुलतापी घोषणा पत्र 2026 जारी किया जाएगा।

