कांग्रेस ने कहा मनरेगा योजना में बदलाव कर के रोजगार के अधिकार को खत्म करने की साजिश
BETUL NEWS/मुलताई। कांग्रेस द्वारा मुलताई एवं प्रभात पट्टन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथी पर श्रद्धांजली कार्यक्रम का आयोजन कर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ धरना देकर संबन्धित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। नगर में गांधी चौक पर सुबह कांग्रेस द्वारा गांधी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी का प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम भजन गया। इसके उपरांत कांग्रेस ने सरकार की नीतियों का विरोध जताया गया। कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष अरूण यादव, संजय यादव, सुमीत शिवहरे, नितेश साहू, आशिष जैन, रवि खाड़े, शिव माहोरे, अखिलेश फुलवार, रितेश शर्मा, जीवन डोंगरदिए आदि ने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों में ग्रामीणों को रोजगार की गारंटी देने वाली योजना मनरेगा में लगातार बदलाव करके लोगों के रोजगार खत्म करने की साजिश की जा रही है। ऐसी स्थिति में फिर ग्रामीणों को रोजगार के लिए पलायन के लिए बाध्य होना पड़ सकता है जिसका कांग्रेस द्वारा विरोध किया जाता है। कांग्रेसियों ने बताया कि नई नीतियों के अनुसार पंचायतों में ठेकेदारों को सर्वेसर्वा बनाया जा रहा है। योजना के भुगतान के भी नियम बदले जा रहे हैं जिसमें राज्य सरकार को भी भुगतान करना I
एसआईआर में राजनैतिक द्वेष से लगाई जा रही आपत्ति
कांग्रेसियों ने बताया कि नगर में एसआईआर के तहत वार्डों में भाजपा बीएलए द्वारा राजनैतिक द्वेष से आपत्ति लगातार मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि मतदाताओं के नाम काटे जाने के लिए चुन चुन कर आपत्तियां लगाई जा रही है जिससे लोगों को अपना काम धंधा छोड़कर तहसील कार्यालय के चक्कर लगाना पड़ रहा है। कांग्रेसियों ने बताया कि एसडीएम कोर्ट में लोग तो पहुंच रहे हैं लेकिन आपत्तिकर्ता नदारद हैं जिससे साफ है कि मतदाताओं को परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस के अनुसार यदि आपत्ति गलत साबित होती है तो शिकायतकर्ता पर भी कार्रवाई करना आवश्यक है। उन्होने बताया कि नगर में किराए से निवास करने वाले लोगों पर भी आपत्तियां लगाई जा रही है जो किसी कारण किराए से निवास कर रहे हैं। ऐसे विद्यार्थी जो बाहर अध्ययन के लिए गए हैं तथा उनके मकान नगर में है उन पर भी गलत तरीके से आपत्ति लगाई जा रही है। कांग्रेस ने बताय कि आपत्तियां समूह में लगाई जा रही है जिन्हे तत्काल निरस्त करना आवश्यक है।

प्रभात पट्टन में भी कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
मुलताई के साथ साथ प्रभात पट्टन में भी कांग्रेस द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के नेतृत्व में मुख्य मार्ग से रैली निकाली गई तथा सरकार की गलत नीतियों का विरोध जताया गया। सुखदेव पांसे ने कहा कि महापुरूष महात्मा गांधी के नाम से चल रही मनरेगा का नाम बदलकर योजना का पूरा स्वरूप बदला जा रहा है जिसे बचाने के लिए कांग्रेस द्वारा संग्राम छेड़ा गया है। उन्होने कहा कि भाजपा द्वारा चुन चुन कर महापुरूषों के नाम की योजनाओं को बदला जा रहा है या बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम तथा स्वरूप बदलने से ग्रामीणों के रोजगार का अधिकार खत्म होता जा रहा है।

