पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में वार्षिक उत्सव का आयोजन
BETUL NEWS/मुलताई। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में दिनांक 31 जनवरी को विद्यालय का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण उत्सवमय दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी राजीव कहार एवं विशिष्ट अतिथि सुनील सोलंकी एसडीओ, पीडब्ल्यूडी मुलताई की उपस्थिति रही। इसके साथ ही विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का हरित पौधाभेंट कर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक यशवंतराव वागदरे तथा कक्षा 9वीं की छात्राएँ वंशिका गलफट एवं आकांक्षा पवार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कालिका प्रसाद ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, परीक्षा परिणाम, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए गए प्रयासों की जानकारी दी।
Betul Update News: मूलतापी रील मेकिंग प्रतियोगिता में कृष्णा पवारे को प्रथम, पुरस्कार वितरण
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संगीत शिक्षिकाएँ श्रीमती स्वाति कमलेश पराते एवं सुश्री निकिता चांदा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य नाटिका नई शिक्षा नीति आधारित, छत्तीसगढ़ी, हरियाणवी लोकनृत्य, भांगड़ा एवं देशभक्ति नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान सीसीए एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्पोर्ट्स डे के अंतर्गत विजेता विद्यार्थियों को रनर्स ट्रॉफी प्रदान की गई। सीबीएसई द्वारा विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए प्राचार्य कालिका प्रसाद, शिक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, राजेश साबरे , निकिता चांदा , मीनाक्षी पिपल , राजेश ठाकरे को शिक्षक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

