नपा की लापरवाही से गंदगी का अंबार, रख रखाव नही होने से नशेड़ियों का बना अड्डा
BETUL NEWS/मुलताई। नगर में लगभग आठ वर्ष पूर्व आधा करोड़ की लागत से बना बेडमिंटन हाल के इन दिनों नगर पालिका की लापरवाही से हाल बेहाल नजर आ रहे हैं। हाल में जहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है वहीं असामाजिक तत्वों द्वारा हाल में तोड़फोड़ कर आग लगाने का भी मामला सामने आया है। समय रहते आग बुझा दी गई अन्यथा बच्चों के खेल कूद के लिए बनाया गया हाल आग की भेंट चढ़ जाता। बताया जा रहा है कि हाल की सुरक्षा नही होने से यह नशेड़ियों का अड्डा बन गया है जिसमें कई छात्र भी शामिल है जहां बीड़ी, सिगरेट, शराब सहित सूखा नशा करने की भी शिकायत मिली है। यदि हाल पर एक नजर दौड़ाई जाए तो नगर पालिका की लापरवाही साफ नजर आती है जहां रख रखाव नहीं करने से हाल में गंदगी का अंबार लगा है, लोहे की बेंच तक तोड़ दी गई है, छात्र एवं छात्राओं के लिए बनाए गए बाथरूम गंदगी के कारण बंद पड़े हैं, शौचालय में पानी की व्यवस्था नही है, हाल में बिछी मेट फट चुकी है, दरवाजे लग नही रहे हैं ऐसी स्थिति में एकमात्र बेडमिंटन हाल होने से बच्चे बेडमिंटन खेलने के लिए मजबूर हैं। पूरे मामले की जानकारी लगते ही विवेकानंद वार्ड की पार्षद अंजली शिवहरे तथा कांग्रेस नेता सुमीत शिवहरे ने बेडमिंटन हाल का निरीक्षण कर नर्फी उपयंत्री महेश शर्मा को मौके पर बुलाकर हाल साफ करवाने तथा रख रखाव के लिए एक नपा कर्मचारी नियुक्त करने का कहा गया।
रात में नशेड़ियों का अड्डा बना बेडमिंटन हाल
रख रखाव के अभाव में बेडिमिंटन हाल रात में नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है जिसमें आश्चर्यजनक रूप से स्कूल के विद्यार्थी भी शामिल हैं। बेडमिंटन खेलने वाले छोटे छोटे बच्चों ने बताया कि कई छात्र ने इसे नशे का अड्डा बना लिया है तथा यहां रात में बीड़ी, सिगरेट एवं शराब सहित अन्य नशे करते हैं। उन्होने बताया कि असामाजिक तत्वों द्वारा पूरे हाल में गंदगी की जाती है । कुछ छात्रों ने बताया कि उक्त हाल में कई अनैतिक कार्य करने में भी कोताही नही बरती जा रही। बच्चों को बेडमिंटन सिखाने वाले कोच सैलाब पवारे ने बताया कि कई बार नगर पालिका को शिकायत की जा चुकी है इसके बावजूद कभी भी नपा के अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नही देने से धीरे धीरे बेडमिंटन हाल पूरी तरह नशेड़ियों के गिरफ्त में आ चुका है इसके बावजूद कोई कार्रवाई नही की जा रही है।
हाल में मेट फटी, बेंच टूटी, जगह जगह पसरी गंदगी
लगभग 50 लाख की लागत से निर्मित बेडमिंटल के हाल कितने बेहाल हैं इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। कि बेडमिंटन खेलने के लिए नीचे मेट फट चुकी है जिससे खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल में खिलाड़ियों के बैठने के लिए रखी एकमात्र लोहे की बेंच भी तोड़ दी गई है। पूरे हाल में रख रखाव के अभाव में गंदगी पसरी हुई है। बेडमिंटन खेलने प्रतिदिन हाल में आने वाले छात्र रणविजय सोलंकी कक्षा 4. आर्यन धुर्वे कक्षा 4 तथा काव्य अग्रवाल कक्षा आठवीं ने बताया कि हाल के दरवाजे भी ठीक तरीके से नहीं लगते तथा साफ सफाई नही होने से गंदगी में ही खेलना पड़ता है। बैठने के लिए कोई व्यवस्था नही होने से खिलाड़ियों को खड़े रहना पड़ता है। व्यवस्थाओं का पूरी तरह अभाव बना हुआ है।

छात्र छात्राओं के लिए बने शौचालय बंद
बेडमिंटन हाल में छात्र तथा छात्राओं के लिए अलग अलग शौचालय तो बने हैं लेकिन गंदगी के कारण दोनों ही शौचालय बंद है जिससे खिलाड़ियों को शौचालय जाने के लिए समस्या का सामना करना पड़ता है। शौचालय में हर तरफ गंदगी पसरी पड़ी है जिससे शौचालय में घुसना मुश्किल है। इधर शौचालय के लिए पानी की व्यवस्था भी नही है जिससे शौचालय लंबे समय से बंद पड़े हुए हैं। खिलाड़ियों को पीने के लिए अपने साथ घर से पानी लाना पड़ता है। विद्यार्थियों ने बताया कि इसके अलावा और कहीं बेडमिंटन खेलने की व्यवस्था नही होने से गंदगी में ही बेडमिंटन का अभ्यास करना पड़ता है।
Betul Ki Taja Khabar: रगड़गांव में स्कूल की सुरक्षा के लिए बनेगी बाउंड्री वाल
असामाजिक तत्वों ने लगाई आग
खिलाड़ियों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बेडमिंटन हाल में आग लगा दी गई जिसे यदि समय रहते नही बुझाया जाता तो पूरा हाल जलकर खाक हो जाता। बताया जा रहा है कि हाल में दो द्वार में से एक द्वार बंद करके रखा गया है वहीं एक छोटे से द्वार से ही हाल से बाहर निकला जा सकता है। यदि आग लग जाती तो हाल से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता जिससे बड़ी घटना भी घटित हो सकती थी। उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड बुलाकर आग बुझाई गई। पूरे मामले में पार्षद अंजली शिवहरे ने नगर पालिका से बेडमिंटन हाल के मेंटेनेंस के लिए कर्मचारी नियुक्त करने तथा हाल की साफ सफाई करने का कहा गया है साथ ही एक समिति बनाने की भी मांग की है जो रख रखाव कर सके।
इनका कहना है-
सप्ताह में एक दिन बेडमिंटन हाल की साफ सफाई की जाएगी तथा रख रखाव के लिए कर्मचारी की नियुक्ति की जाएगी
महेश शर्मा, उपयंत्री नगर पालिका मुलताई।

