तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना, भक्तिरस में डूबा खाटू श्याम मंदिर परिसर

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                 सोनोली धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सुबह से लेकर देर रात तक लगी रही भीड़

Betul Daily News/मुलताई। खाटू श्याम मंदिर सोनोली धाम में फागुन महोत्सव पर शाम भजनों के कार्यक्रमों में प्रख्यात कलाकारों द्वारा दी गई श्याम भजनों की प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा की पूरा परिसर भक्ति रस में डूबा हुआ नजर आया। सुबह से ही जिले सहित महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने लगे तथा यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। फोरलेन से खाटू श्याम मंदिर तक लगभग तीन किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की भीड़ से ऐसा लगा मानों श्याम के दर पर मेला लगा हुआ हो। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रही वहीं मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। शाम को मंदिर परिसर में भव्य ज्योत का आयोजन हुआ जिसमें खाटू श्याम भजनों की प्रख्यात गायिका नम्रता तथा सुरभि गुप्ता ने श्याम भजनों की एक से बढ़कर एक सुमधुर प्रस्तुति दी जिससे उपस्थित श्रोता भजनों पर झूम उठे। गायिकाओं ने तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना सहित खाटू श्याम बाबा के भजनों के साथ ही श्रद्धालुओं की फरमाईश के भी भजन सुनाए तथा देर रात तक भजनों का सिलसिला चलता रहा तथा श्रोता झूमते रहे। खाटू श्याम मंदिर सोनोली धाम ट्रस्ट अध्यक्ष नवीन ओंकार तथा विक्की मित्तल ने बताया कि प्रतिवर्ष फागुन महोत्सव पर भजनों की प्रस्तुति देने प्रख्यात कलाकारों को बुलाया जाता है। इसके साथ ही सुबह से लेकर रात तक विभिन्न धार्मिक आयोजन तथा अनुष्ठान संपन्न होते हैं। खाटू श्याम मंदिर में दर्शनार्थ जहां बैतूल जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं वहीं महाराष्ट्र के नागपूर सहित उसके आसपास के क्षेत्र से भी श्रद्धालु दर्शन करने सोनोली धाम पहुंचते हैं।

Read Also: आत्मा का परमात्मा से मिलन ही महारास है : राजेन्द्र कृष्ण शरण जी

Leave a Comment