नगर में गाजे बाजे के साथ धूमधाम से निकली शोभायात्रा
Betul Local News/मुलताई। मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा के तहत 64 दिनों की यात्रा संपन्न करके पदयात्री गुरुवार दोपहर पवित्र नगरी पहुंचे। लगभग 1800 किलोमीटर की पदयात्रा करके वापस लौटने पर पवित्र नगरी में पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। पदयात्रा समिति के राजू पाटनकर ने बताया कि गुरूवार पदयात्री मां ताप्ती उद्गम स्थल पवित्र नगरी मुलताई पहुंचे जहां पारे गांव रोड स्थित लॉन में पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पदयात्रियों के पांव पखारे गए। दोपहर 12 बजे पदयात्रियों का स्वागत किया, 12.30 पर समिति के सेवादारों का भी स्वागत किया गया। 1.30 पर भोजन महाप्रसादी का आयोजन किया गया जिसके बाद 3.30 बजे भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया । गाजे बाजे के साथ धूमधाम से शोभायात्रा निकली जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी जहां जगह जगह पदयात्रियों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इस दौरान पदयात्री नाचते हुए मां ताप्ती के भजन गाते चल रहे थे। शाम 6 बजे पदयात्रियों की उपस्थिति में ताप्ती सरोवर पर कलश पूजन एवं विसर्जन किया गया। जिसके बाद महाआरती संपन्न हुई जिसमें बड़ी संख्या में ताप्ती भक्त शामिल हुए।
Betul Ki Taja Khabar: किसानों की ज्वलंत समस्या एवं मुद्दों पर हुई चर्चा

