MP Breaking News: ग्वालियर जिले के डबरा में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है जिसमें एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईटेंशन लाइन टूटकर कार पर गिर गई जिससे पूरी कार में करंट फैल गया। कार में मौजूद तीन दोस्तों में से 2 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक दोस्त गंभीर रूप से झुलस गया।
जोरदार धमाके के साथ कार में लगी आग
शादी समारोह से लौटते समय यह हादसा हुआ है। तीनों दोस्त शिवपुरी के रहने वाले हैं। वह ग्वालियर अपने एक दोस्त के शादी में शामिल होने आए थे। लौटते समय डबरा से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 के अर्रु तिराहै पर रात 2 बजे हादसा हो गया। उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर लगते ही हाई टेंशन लाइन टूटकर कार पर ही आ गिरी और जोरदार धमाके के साथ कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया।

Jabalpur Cruise Accident: चीख-पुकार, सीलबंद लाइफ जैकेट, क्रूज नाव में भरता पानी, देखे वीडियो
कार के साथ सुबह तक जलते रहे शव
हादसे में कार सवार 34 वर्षीय अवधेश और रामजीलाल सोनी जिंदा जल गए। जबकि, 29 वर्षीय अविनाश ने कार का विंडो का कांच तोड़ा और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था जिसके चलते अंदर फंसे दोनों शवों को निकाला नहीं जा सका। तड़के आग बुझने तक कार के साथ साथ अंदर मौजूद शव भी जलकर राख हो गए थे। पुलिस ने जले हुए शव के अवशेष इकट्ठे कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

4 महीने की बेटी का पिता था मृतक
मृतक अवधेश अपने परिवार में इकलौता बेटा था, उसकी चार माह की एक बच्ची है। वहीं, मृतक रामजीलाल सोनी की तीन छोटी बेटियां हैं। हादसे की जानकारी लगते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।

