आकर्षक सजावट एवं विद्युत सज्जा ने बढ़ाई रौनक
Betul Daily News/मुलताई। पवित्र रमजान माह के अवसर पर नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित जामा मस्जिद को इस वर्ष भी विशेष रूप से आकर्षक तरीके से सजाया गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मस्जिद समिति द्वारा उत्साह के साथ सुंदर साज-सज्जा सहित प्रकाश व्यवस्था की गई है जिससे मस्जिद की रौनक देखते ही बन रही है। रमजान के मुबारक महीने में जामा मस्जिद को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी सामग्री से सजाया गया है, जो रात के समय सोने की तरह चमकती नजर आ रही है। दूर से ही मस्जिद की भव्य सजावट लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। नमाज के लिए आने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों में भी इस सजावट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मस्जिद समिति के सदस्यों ने बताया कि रमजान माह में इबादत का विशेष महत्व होता है, इसलिए हर वर्ष मस्जिद को सुंदर ढंग से सजाया जाता है ताकि इबादत के माहौल में आध्यात्मिकता और उत्साह का वातावरण बना रहे। रमजान के दौरान मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। नगरवासियों ने भी जामा मस्जिद की आकर्षक सजावट की सराहना करते हुए इसे रमजान माह की विशेष पहचान बताया है।

