तेलंगाना एक्सप्रेस से गिरने से युवक की मौत, मुलताई-जोलखेड़ा के बीच ट्रैक किनारे मिला शव

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

Betul Samachar News/मुलताई। तेलंगाना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक युवक की ट्रेन से गिरने की आशंका में मौत हो गई। मृतक का शव मुलताई स्टेशन से जोलखेड़ा के मध्य रेलवे ट्रैक के बाजू में बनी पानी की नाली में मिला। मृतक की पहचान मो. सादिक पिता मो. आलम (उम्र 20 वर्ष), निवासी जम्मू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तेलंगाना एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान सादिक अपनी मां और दो बहनों के साथ हैदराबाद से दिल्ली होते हुए सहारनपुर जा रहा था। यात्रा के दौरान जब परिजनों ने देखा तो सादिक अपनी सीट पर नहीं मिला। इसके बाद परिजन आमला स्टेशन पर उतर गए और जीआरपी को सूचना दी कि उनका साथी लापता है। इधर, मुलताई स्टेशन से जोलखेड़ा के बीच रेलवे ट्रैक के बाजू में बनी पानी की नाली में एक युवक के गिरा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर रात करीब 2 बजे पुलिस थाना मुलताई से एएसआई आर.एस. ठाकुर स्टाफ के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। मौके पर युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर मृतक की जामातलाशी ली, लेकिन उसके पास यात्रा संबंधी कोई रेलवे टिकट या अन्य वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद सिटी पुलिस मुलताई ने रात करीब 2:40 बजे निजी वाहन से शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल मुलताई पहुंचाकर मर्चुरी में रखवाया।

Read Also: कोटवार-चौकीदार संघ ने समस्याओं के निराकरण को लेकर सौंपा ज्ञापन

बाद में पहचान होने पर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा प्रारंभिक तौर पर युवक के ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Comment