जौलखेड़ा से पवित्र नगरी पहुंची भव्य कलश यात्रा, जगह जगह स्वागत, ढोल एवं झांकियां रही आकर्षण

By betultalk.com

Updated on:

Follow Us
                              शत चंडी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के साथ अमरेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा समारोह

Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। ग्राम जौलखेड़ा में सोमवार से शतचंडी महायज्ञ तथा श्री राम कथा के आयोजन सहित अमरेश्वर शिवलिंग तथा धूना साहब की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 16 मार्च से धार्मिक आयोजन प्रारंभ हो रहा है जिसके लिए सोमवार सुबह ग्राम जौलखेड़ा से भव्य कलश यात्रा निकली जो दोपहर पवित्र नगरी के ताप्ती तट पहुंची। जहां से मां ताप्ती का पावन जल लेकर कलश यात्रा परिक्रमा मार्ग से होते हुए जौलखेड़ा के लिए रवाना हुई। मरही माता मंदिर के सामने जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, नरेन्द्र गिरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद कलश यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया। कलश यात्रा में सजी धजी बैलगाड़ी, अश्व तथा रंग बिरंगे रथों के साथ भगवानों की झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। इधर महाराष्ट्र के ढोल ताशा ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया जिसमें युवक युवतियां बड़े बड़े ढोल बजाते हुए चल रहे थे। महंत धर्मप्रकाश महाराज के द्वारा आयोजित महायज्ञ में दूर दूर से साधू संतों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस संबन्ध में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से उनके गृह ग्राम जौलखेड़ा में पहली बार भव्य शतचंडी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है जिसकी लंबे समय से तैयारियां चल रही थी।

Read Also: चिचोली क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में लगी आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

ताप्ती तट पर विधि विधान से किया पूजन

जौलखेड़ा से लगभग 15 किलोमीटर पैदल चलकर सैकड़ों ग्रामीण महिला पुरूष कलश यात्रा के साथ पवित्र नगरी पहुंचे जहां महंत धर्मप्रकाश महाराज सहित बाहर से पहुंचे साधू संतों द्वारा विधि विधान से ताप्ती तट पर मां ताप्ती का पूजन किया गया इसके बाद ताप्ती का पवित्र जल कलश में भरा गया। इस दौरान ताप्ती तट पर सैकड़ों की संख्या में ताप्ती भक्त नजर आए तथा मां ताप्ती के जयकारे गूंजते रहे। नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए जौलखेड़ा में शत चंडी महायज्ञ, श्रीराम कथा तथा प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया है जिसमें नगर सहित पूरे क्षेत्र से सहयोग प्राप्त हो रहा है।

Leave a Comment