Betul News/आमला। “वह मेरे पापा हैं, अकेले कार्य करते हैं… आय अर्जन में सहयोग करना मेरी पहली जिम्मेदारी है” — ये भावुक शब्द थे महक और रियांशा के, जिन्होंने अपने पिता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हुए समाज के सामने एक मिसाल पेश की है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री कृष्णलीला फाउंडेशन, आमला द्वारा बोड़खी में भव्य महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विद्यालय आमला के प्राचार्य मदन मोहन कटियार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान,बार एसोसिएशन मुलताई के अध्यक्ष सी.एस. चंदेल एवं व्यापारी संघ आमला के सचिव हेमंत गुगनानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सूत्रधार एडवोकेट राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि फाउंडेशन द्वारा समाज में जनजागरूकता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में यह आयोजन रखा गया है। स्वागत भाषण फाउंडेशन के अध्यक्ष युवा अधिवक्ता शिवम उपाध्याय ने दिया। प्राचार्य मदन मोहन कटियार ने संयुक्त परिवार की मजबूती में महिलाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया। तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब महक पाटिल को सम्मानित किया गया। महक अपने पिता के साथ ठेले पर नाश्ते की दुकान चलाने में बचपन से सहयोग कर रही हैं।
Read Also: Betul News Today: किड्ज़ी बैतूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन
सम्मान मिलते ही उनकी आंखें नम हो गईं। इसी तरह रियांशा भाटिया, जो अपने पिता के व्यवसाय में सहयोग करने के साथ मैनेजमेंट की पढ़ाई भी कर रही हैं, सम्मान पाकर भावुक हो उठीं। इसके अलावा बोड़खी के 30 सदस्यीय संयुक्त परिवार की बहू रानी कुशवाह को परिवार को एकजुट रखने के लिए सम्मानित किया गया। कुसुम राठौर जिनका 29 सदस्यों का संयुक्त परिवार है, को भी सम्मान मिला।
सिविल अस्पताल आमला की पहली महिला सर्जन डॉ. आस्था सोलंकी, पुलिस विभाग की विनीता नागवंशी, इमला इवनाती, जीआरपी रेलवे की पूजा यादव, पूजन सामग्री व्यवसायी मीना साहू, एडवोकेट किरण जायसवाल, विजया जैन, प्रियंका गीद, सोनाली सोनी, शबाना खान सहित अनेक महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। गायत्री प्रज्ञा पीठ की अनीता कावड़कर एवं अंजलि भरत धोटे को यज्ञ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया।

