भयंकर सड़क हादसा, तेज रफ्तार बोलेरो दीवार से टकराई, 2 की मौत, 4 घायल

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

Betul Accident News:- बैतूल में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बोलेरो के अनियंत्रित होकर दीवार से टकराने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टीआई देवकरण डहरिया ने बताया कि परासिया स्टेट हाईवे पर स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के गौठाना इलाके में गुरुवार रात करीब 11:15 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। यहां एक बोलेरो जीप अचानक नियंत्रण खो बैठी और मन मंदिर लॉन की दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इन युवकों की मौत, चार घायल 

इस हादसे में अर्जुन नगर निवासी 25 वर्षीय प्रफुल्ल अनिल ठोके और पुनीत ठाकरे की मौत हो गई। दोनों युवक घटनास्थल पर ही दम तोड़ बैठे। वहीं पप्पू प्रजापति (23), राजू यादव (26), अभिषेक वडिवा (26) और 14 वर्षीय संगम राठौर घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

Read Also:- Crime News: सास की हत्या करने वाली बहू गिरफ्तार, भेजी गई जेल

बुझ गया घर का एकलौता चिराग

प्रफुल्ल ठोके अपने परिवार में चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और पीओपी का काम करता था। करीब दो महीने पहले ही उसकी मां का लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ था। वहीं पुनीत ठाकरे अपने परिवार का इकलौता बेटा था और पेट शॉप चलाकर घर का सहारा था। उसकी मां आंगनवाड़ी में सहायिका के रूप में कार्यरत हैं और एक बड़ी बहन भी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी। अचानक तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बोलेरो क्रमांक एमपी 48 टी 1317 लॉन की दीवार से टकराई हुई है। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और एयरबैग भी खुल चुके थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

Read Also:- घरेलू विवाद ने ली जान: बहू ने ससुर के प्राइवेट पार्ट पर मारी लात, हुई मौत

जांच में जुटी कोतवाली पुलिस

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो जिला जनसंपर्क कार्यालय में अनुबंधित थी और उसे मरम्मत के लिए गैरेज ले जाया जा रहा था। हालांकि सहायक संचालक रोमित उइके ने स्पष्ट किया है कि हादसे में शामिल युवक कार्यालय से जुड़े नहीं थे।

घटना की सूचना मिलते ही टीआई देवकरण डहरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना किन कारणों से हुई।

Input Source: Internet

Leave a Comment