बिसनूर में आग से प्रभावित पीड़ित परिवार से मिले विधायक, सहयोग का दिया आश्वासन
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। ग्राम बिसनूर में एक दिन पुर आग से प्रभावित परिवारों से विधायक चंद्रशेखर देशमुख मिले तथा उन्हें सांत्वना देकर सहयोग का आश्वासन दिया। बिसनूर में निवासरत धोटे परिवार के घरों में अज्ञात कारणों से बुधवार दोपहर आग लग गई थी, जिसमें बलराम धोटे, अजाब धोटे, भोजराव धोटे, पंजाब धोटे, उमेश धोटे, रमेश धोटे को लाखों का आर्थिक नुकसान हुआ । आग में जहां मवेशी भी झुलस गए एवं पशु चारा भी जलकर खाक हो गया था वहीं रोजमर्रा में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री, अनाज, ट्रैक्टर, मोटर साइकिल, साइकिल, बैलगाड़ी, कृषि उपकरण तथा नगद राशि सहित पूरा आशियाना उजड़़ गया था । आग इतनी भीषण थी कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया था तथा लोग भयभीत हो गए। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर देशमुख सहित जनपद सदस्य प्रफुल ठाकरे, मंचित लोखंडे, सुखदेव धोटे, पांडु बारस्कर आदि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया एवं पीड़ित परिवार से कहा कि दुख की इस घड़ी में हम आपके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आप लोगों का आशियाना फिर से बसाया जाएगा। प्रत्येक पीड़ित परिवार को बीस- बीस हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा करते हुए उन्होंने शासन से मिलने वाली योजनाओं का प्राथमिक रूप से लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इधर आग से झूलसे पशुओं का पशु चिकित्सक द्वारा उपचार मौके पर पहुंचकर किया गया एवं पीड़ित परिवार की आगजनी में हुई नुकसानी का जायजा लेने एवं क्षति का आंकलन लगाने के लिए राजस्व विभाग से राजस्व निरीक्षक सी . पी . पाल एवं पटवारी राजू सोलंकी, गणेश अमरूते , कमलेश पवार ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया।
Read Also: लगातार आग लगने की घटनाएं होने के बावजूद नरवाई जलाने से नहीं चूक रहे किसान

