Betul Samachar- मुख्य मार्ग पर खड़े वाहनों पर जैमर लगाकर वसूला जुर्माना, पुलिस ने की कार्रवाई

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                       वाहनों के खड़े रहने से होता है ट्रेफिक जाम, दुकानों के सामने खड़े होते है चार पहिया वाहन

Betul Samachar/मुलताई। नगर में मुख्य मार्ग संकरा होने के बावजूद दुकानों के सामने मार्ग पर ही चार पहिया एवं दो पहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा समय समय पर कार्रवाई के बावजूद नो पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने की मानो होड़ लगी रहती है जिसके कारण पल पल पर मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है तथा लोग परेशान होते हैं। जय स्तंभ चौक पर ताप्ती महाआरती द्वार से लेकर फव्वारा चौक के आगे तक कई लोग चार पहिया वाहन खड़े करके चले जाते हैं जिससे लंबे समय तक जाम लगा रहता है तथा शाम को स्थिति और भी बदतर हो जाती है जब भीड़ का समय रहता है और यातायात प्रभावित हो जाता है। पूरे मामले में थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस द्वारा बार बार मुख्य मार्ग पर खड़े वाहनों को हटाने का प्रयास किया जाता है तथा समझाईश भी दी जाती है इसके बावजूद लोग सड़कों पर वाहन खड़े करने से नहीं चूकते। उन्होने बताया कि फव्वारा चौक के आगे पुराने अस्पताल की भूमि पर नगर पालिका द्वारा पार्किंग स्थल बनाया गया है जहां वाहन खड़े किए जा सकते हैं इसके बाद भी लोग मुख्य मार्ग पर ही वाहन खड़े करते हैं जिससे पुलिस को बार बार कार्रवाई करना पड़ता है।

चार पहिया वाहनों में लगाए जैमर

नगर में रविवार दोपहर 17 दुकानों के सामने खड़े दो चार पहिया वाहनों पर जैमर लगाकर पांच-पांच सौ रूपए जुर्माना वसूला गया वहीं दो पहिया वाहनों से 250 रूपए जुर्माना वसूला गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि वाहन क्रमांक एमपी 48 सीए 1202 तथा एमपी 04 टीए 3574 वाहनों से जुर्माना वसूला गया। उन्होने बताया कि शिकायत मिली थी कि दोनों वाहन खड़े थे लेकिन उनके चालक नदारद थे जिससे बार बार आवागमन प्रभावित हो रहा था। शिकायत पर पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि वाहन खड़े कर आवागमन बाधित करने के बावजूद वाहन चालकों के द्वारा बहस की जा रही थी जबकि वाहन नो पार्किंग जगह पर भी गलत दिशा में खड़े किए गए थे।

Read Also: भावी पीढ़ी हेतु जल बचाने करने होंगे सार्थक प्रयास – सतीश ठाकरे

शादियों का सीजन चालू होने से बढ़ा आवागमन

नगर सहित पूरे क्षेत्र में शादियों का सीजन चालू होने तथा रविवार चोटी कार्यक्रम के कारण आवागमन बढ़ा हुआ है। ऐसी स्थिति में यदि कोई वाहन खड़ा रहता है तो उसके कारण आगे पीछे वाहनों की कतारें लग जाती है तथा विवाद की स्थिति निर्मित होती है। विशेष रूप से जयस्तंभ चौक से फव्वारा चौक के आगे तक ट्रेफिक की स्थिति अनियंत्रित हो जाती है इस पर भी लोग सड़क पर वाहन खड़े कर दुकानों में खरीदी करने चले जाते हैं जिससे आमजन को मार्ग पर परेशान होना पड़ता है। ऐसी स्थिति में आवश्यक सेवाओं वाले वाहन भी ट्रेफिक जाम में फंस जाते हैं। उन्होने बताया कि कई बार एंबूलेंस, फायर ब्रिगेड आदि वाहन भी ट्रेफिक जाम में फंसने से समय पर गंतव्य पर नही पहुंचे पाते हैं इसलिए वाहनों को पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करना आवश्यक है।

कार्रवाई के बाद भी नही सुधरी स्थिति

नगर के मुख्य मार्ग पर पुलिस द्वारा कार्रवाई के बावजूद स्थिति नही सुधरी और शाम को कई वाहन फिर रोड पर खड़े नजर आए। इस संबन्ध में थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि आगे मुख्य मार्ग पर खड़े रहने वाले वाहनों पर पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होने बताया कि कार्रवाई के बावजूद भी लोग पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने की जहमत नही उठाते हैं तथा मार्ग पर वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था बिगाड़ते हैं। उन्होने बताया कि वर्तमान में भीड़भाड़ के दृष्टिगत पुलिसकर्मियों की मुख्य मार्ग पर ड्यूटी लगाई जा रही है जो मार्ग पर खड़े वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।

Leave a Comment