हाईकोर्ट के आदेश के 14 दिनों के बाद मिला पदभार
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। नगर पालिका परिषद में नीतू परमार ने तीसरी बार अध्यक्ष का पद संभाला है। सोमवार नीतू परमार नगर पालिका कार्यालय पहुंची जहां सीएमओ विरेन्द्र तिवारी द्वारा उन्हे पदभार ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष शिव माहोरे, पार्षद अंजली शिवहरे, वंदना साहू तथा निर्मला उबनारे, साजेदा बेगम, सभापति अजय यादव, सुरेश पौनीकर सहित कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुमीत शिवहरे, ब्लाक अध्यक्ष अरूण यादव, राजरानी परिहार, किशोरसिंह परिहार, नितेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे। पदभार ग्रहण करने के उपरांत नीतू परमार ने कहा कि नगर के विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के कार्य किए जाएंगे तथा अब नगर का तेजी से विकास किया जाएगा साथ ही रूके हुए कार्यों को भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। गौरतलब है कि विगत 6 अप्रैल को हाईकोर्ट के आदेश के बाद नीतू परमार नगर पालिका कार्यालय पदभार ग्रहण करने कोर्ट का आर्डर लेकर पहुंची थी लेकिन सीएमओ विरेन्द्र तिवारी द्वारा उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का कहा था। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर द्वारा सुप्रीम कोर्ट में स्टे की याचिका लगा दी गई लेकिन याचिका खारिज होने के बाद सोमवार नीतू परमार पूरे लाव लश्कर के साथ नगर पालिका कार्यालय पहुंची जहां सीएमओ तिवारी द्वारा पदभार ग्रहण कराया गया।
Read Also: रजक समाज समन्वय प्रकोष्ठ में संगठन विस्तार, बैतूल जिले के पदाधिकारी नियुक्त

