पार्षद बोले अधिकारियों की लापरवाही से हो रहा नगर का विकास प्रभावित
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। नगर में लंबे समय से कई निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बावजूद प्रारंभ नही हो रहे हैं जिससे नगर का विकास प्रभावित हो रहा है। विगत वर्ष विधायक चंद्रशेखर देशमुख द्वारा ताप्ती तट स्थित दसवां घाट के भवन की जर्जर स्थिति देखते हुए खुले शेड निर्माण के लिए विधायक निधि से 12 लाख रूपए देने की घोषणा की गई थी। लेकिन एक वर्ष के बाद भी शेड का निर्माण प्रारंभ नही हुआ है जिससे आमजन में भी रोष व्याप्त है। उक्त मामले में तिलक वार्ड पार्षद अजय यादव द्वारा नगर पालिका के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है जिससे नगर के विकास कार्य प्रभावित हो गए हैं। अजय यादव ने बताया कि विधायक निधि से स्वीकृत होने तथा टेंडर होने के बावजूद यदि निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जा रहे हैं तो इसके पीछे कहीं ना कहीं अधिकारियों की लापरवाही उजागर हो रही है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से दसवां घाट का भवन जर्जर होते जा रहा है जिसके लिए विधायक को वस्तु स्थिति से अवगत कराया गया था तथा विधायक देशमुख ने भी तत्काल विधायक निधि से खुला शेड निर्माण की घोषणा भी की गई थी। लेकिन एक वर्ष बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नही हुआ है जिससे दसवां घाट का भवन कभी भी जर्जर स्थिति में धाराशाई हो सकता है। उन्होने बताया कि मां ताप्ती के तट पर नगर सहित पूरे क्षेत्र तथा अन्य जिलों एवं प्रदेशों से लोग कर्मकांड के लिए पहुंचते हैं। लेकिन दसवां घाट पर लोगों के बैठने के लिए जगह नहीं है इसलिए आसपास की दुकानों की सीढ़ियों पर लोगों को बैठना पड़ता है। उक्त स्थल पर जो पुराने भवन है वह भी बैठने के योग्य नहीं होने से उसमें अन्य क्रियाएं की जाती है। अजय यादव ने बताया कि ऐसी स्थिति में दसवां घाट पर बड़े खुले शेड का निर्माण शीघ्र होना आवश्यक है जिसके लिए वे अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। उन्होन कहा कि शीघ्र ही शेड निर्माण कार्य को प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा।
इनका कहना है-
टेंडर होकर वर्क आर्डर जारी हो गया है जिससे शीघ्र ही शेड निर्माण का कार्य प्रारंभ होगा। महेश शर्मा उपयंत्री नगर पालिका मुलताई।