जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए ग्रामीणों को हो रही परेशानी
Betul News Today/मुलताई। प्रभात पट्टन तहसील क्षेत्र के ग्राम बिसनुर से पचधार, गौला, पौनी होते हुए बैतूल जाता है जो अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग खराब होने से निजी वाहन,सवारी बस सहित अन्य वाहन को जिला मुख्यालय पहुंचने में अधिक समय लग रहा है वहीं खराब मार्ग के कारण दुर्घटनाएं भी हो रही है। बताया जा रहा है कि पहले वाहन चालक कम समय में बैतूल पहुंच जाते थे एवं दूरी भी ज्यादा तय नहीं करना पड़ता था लेकिन अब वहां चालक क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण परेशानी का सामना कर रहे हैं। बिसनुर से बैतूल सड़क मार्ग पचधार से रावा जोड़ तक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है जहां पर चार पहिया, दो पहिया वाहन चालकों को पचधार से रावा जोड़ तक भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खराब मार्ग से आए दिन दुर्घटना हो रही है इसके बावजूद प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ते जा रही है। वाहन चालक एवं ग्रामीण रिंकू ठाकरे ,कृष्ण बारस्कर, पप्पू साहू ,मधु वडुकले, संतोष साहू, दीपक डंडारे आदि ने बताया कि पचधार से रावा जोड़ तक 8 किलोमीटर का मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है तथा कई स्थानों से डामर गायब हो गया है। मार्ग से पत्थर निकल रहे हैं इस सड़क मार्ग से सवारी गाड़ी दो पहिया चार पहिया वाहन सहित भारी ट्रैकों की आवाजाही लगातार होते रहती है l
Read Also: भीषण गर्मी में राहत प्याऊ शुरू, प्रमुख स्थानों पर मिलेगा ठंडा पानी
मार्ग खराब होने से दुर्घटनाओं का भी भय बना रहता है । इस सड़क मार्ग से अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है पर इसके बारे में कोई सुधार या मरम्मत कार्य नहीं हो रहा है । कई वर्षों से यह मार्ग खराब हालत में है । ग्रामीणों ने शीघ्र क्षतिग्रस्त मार्ग के मरम्मत की मांग की है।

