Betul News/मुलताई। नगर के व्यस्त स्टेशन रोड क्षेत्र में शनिवार रात अचानक बिजली विभाग की डीपी में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना अमित लॉज के सामने रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जहां अचानक तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही देर में डीपी आग की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बिजली के तारों में तेज आवाज के साथ स्पार्किंग हुई, जिसके बाद डीपी से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। अचानक हुई इस घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा की दृष्टि से लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
आग लगने के कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे अंधेरा छा गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त डीपी और तारों को अलग कर सुधार कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कुछ समय पश्चात अन्य लाइन की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
Read Also: Crime News: शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश
घटना के दौरान बिजली पोल के सहारे लगे जिओ कंपनी के तार भी क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।

