Betul News Today: बाईक भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत, समय पर इलाज न मिलने से परिजन भड़के

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

Betul News Today/भैंसदेही/मनीष राठौर:- भैंसदेही तहसील के आमला-झल्लार मार्ग पर वाघमारे के खेत के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायलों को समय पर उपचार न मिलने से परिजनों ने भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा मचा दिया। रेफर मरीजों के लिए एम्बुलेंस न मिलने पर उन्हें प्राइवेट वाहनों से बैतूल ले जाया गया।

भिड़ंत इतनी जोरदार कि एक की मौके पर मौत
घटना भैंसदेही-बरहापुर, आमला-झल्लार मार्ग पर हुई। दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। भिड़ंत बाघमारे के खेत के पास हुई, जिसमें बाइक चला रहे जगदीश पिता गणपति अड़लक (40 वर्ष), निवासी पोहर की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल को भैंसदेही स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन समय पर डॉक्टर न होने से उसकी भी जान चली गई।

डॉक्टर नदारद, अंकुश की मौत हो गई
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय अंकुश पिता धनराज वाघमारे को गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां डॉक्टर मौजूद न होने से समय पर इलाज न मिला। परिजनों का कहना है कि अगर तुरंत उपचार मिल जाता तो अंकुश की जान बच सकती थी।

Read Also: वायगांव में मवेशियों के कोठे में लगी आग, एक मवेशी की जलकर मौत, चार घायल, लाखों का नुकसान

अन्य घायलों का रेफर, एम्बुलेंस का इंतजार
दुर्घटना में भूपेंद्र पिता धर्मराज वाघमारे (निवासी मालेगांव) और सुनिता जगदीश अड़लक (38 वर्ष, निवासी पोहर) भी बुरी तरह घायल हुए। इन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों को घंटों एम्बुलेंस का इंतजार करना पड़ा। आखिरकार प्राइवेट वाहनों से उन्हें बैतूल रवाना किया गया।

अस्पताल में हंगामा, प्रशासन पहुंचा
मृतकों और घायलों के परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो उन्होंने डॉक्टर व स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर एसडीएम अजीत मरावी, एसडीओपी भूपेंद्र सिंह मौर्य, थाना प्रभारी राजेश सातनकर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। परिजनों ने जांच और कार्रवाई की मांग की।

Leave a Comment