कर्मचारियों की रहती है ड्यूटी लेकिन मौके पर एक भी कर्मचारी नही था मौजूद
Betul Samachar/मुलताई। नगर में भाजपा के शासन में गो वंश की जैसी दुर्गती हो रही है वह किसी से छिपा नही है। एक तरफ जहां गौशाला में गायों की स्थिति बद से बदतर हो रही है वहीं नगर की कचरा खंती में पूर्व में भी गायों के शवों को डालने की घटनाएं हो चुकी है। इसके बावजूद लगातार गाय के शव कंचरा खंती में फेंके जा रहे हैं जहां कुत्ते शवों को नोच रहे हैं। बुधवार रात जब एल्डरमेन श्यामु ढोमने एक गाय के शव को लेकर कचरा खंती में दफनाने गए तो यह देखकर हैरान रह गए कि वहां पहले से एक गाय का शव बाहर पड़ा हुआ था जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। श्यामु ढोमने द्वारा गाय के शव की स्थिति देखकर तत्काल सीएमओ विरेन्द्र तिवारी को फोन लगाया और स्थिति से अवगत कराया गया। श्यामु ढोमने ने बताया कि सीएमओं द्वारा जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए संतोषप्रद जवाब नही दिया गया जिससे गो सेवक एवं गो भक्तों में रोष व्याप्त है। श्यामु ढोमने के अनुसार कचरा खंती नगर पालिका की है जहां गोवंश का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान एवं विधि विधान से किया जाना चाहिए। यदि कोई गाय के शवों को बाहर ही छोड़कर जा रहा है तो नगर पालिका द्वारा उन पर कार्रवाई करना आवश्यक है। लेकिन सीएमओ द्वारा पूर्व में भी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा गया था एवं अभी भी पूरे मामले में पल्ला झाड़ा जा रहा है। गो सेवक धर्मेंद्र नरवरे ने बताया कि एक तरफ गायों के सम्मान के लिए गो सेवकों एवं गो भक्तों द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है वहीं संबन्धित विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से अंतिम समय भी गायों को सम्मान नही मिल रहा है। बताया जा रहा है कि कचरा खंती में नगर पालिका द्वारा तीन से चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन मौके पर एक भी कर्मचारी मौजूद नही रहने से लोग गायों के शवों को बिना दफनाए खुले में छोड़कर चले जाते हैं जिससे नगर में तनाव की स्थिति पैदा होती है।
इनका कहना है-
कचरा खंती में किसी भी घटना की जिम्मेदारी नगर पालिका की हैद्र कर्मचारियों की ड्यूटी कंचरा खंती में लगाई गई है लेकिन वर्तमान में कर्मचारी अन्य कार्यों में लगे रहने से मौके पर कर्मचारी नहीं थे।
महेश शर्मा उपयंत्री नगर पालिका मुलताई।

