मोहदा बर्राढाना में राहत और मदद के लिए आगे आए कांग्रेस जिला अध्यक्ष, तत्काल सहायता पहुंचाई

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                    आगजनी से तबाही, 25 मकान राख, पीड़ितों के पास कुछ नहीं बचा

Betul Ki Khabar/भैंसदेही/मनीष राठौर:- भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के भीमपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बासींदा के मोहदा बर्राढाना में 2 मई 2026 को भीषण आगजनी की घटना ने गांव को झकझोर कर रख दिया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते 25 मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। हालात ऐसे बने कि प्रभावित परिवारों के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। घर-गृहस्थी का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके साथ पूर्व विधायक धरमूसिंह सिरसाम और आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम भी मौजूद रहे। नेताओं ने मौके का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। इस दौरान कांग्रेस परिवार की ओर से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के रूप में राशन सामग्री के पैकेट वितरित किए गए, ताकि प्रारंभिक स्तर पर उन्हें भोजन की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निलय विनोद डागा ने मौके से ही प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा करते हुए फायर ब्रिगेड की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने और आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने भैंसदेही के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, डिप्टी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत कर पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, राशन, दवाइयां, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री की तत्काल व्यवस्था करने का आग्रह किया।

Read Also: विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल की संवेदनशीलता, 24 पीड़ित परिवारों को दी तत्काल 10 -10 हजार की नगद राहत राशि

घटना के दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास भी किए गए। हालांकि आग की तीव्रता के कारण काफी नुकसान हो चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यदि समय पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते तो नुकसान को कम किया जा सकता था।

निलय विनोद डागा ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन शुरू कर सकें।

Leave a Comment