नगर में किराए से रहने वाले दूसरे प्रदेशों के लोगों की नहीं दी जाती पुलिस को जानकारी

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

मुसाफिरी दर्ज नही कराने से बढ़ रही अपराधिक घटनाएं, पुलिस ने मकान मालिक पर किया प्रकरण दर्ज

Betul Samachar/मुलताई (सलमान शाह) :- नगर में बाहर के प्रदेशों से विभिन्न कारणों से आए बड़ी संख्या में लोग किराए से रह रहे हैं लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि मकान मालिकों द्वारा किराएदारों की पुलिस को जानकारी नही दी जा रही है जिससे नगर में घटनाएं बढ़ रही है। नियमानुसार बाहरी लोगों को किराए पर मकान देने के साथ ही उसकी मुसाफिरी थाने में दर्ज कराना आवश्यक है ताकि किसी भी घटना होने पर उसकी पहचान हो सके। लेकिन नगर में जगह जगह हजारों लोग वर्षों से किराए से रह रहे हैं तथा अपराधिक घटनाएं भी हो रही है लेकिन पुलिस को जानकारी नही दी जा रही है। ऐसे ही एक प्रकरण में पुलिस द्वारा किराएदार की जानकारी नही देने पर मकान मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मकान मालिक पर प्रकरण दर्ज होने से ऐसे तमाम लोगों में हड़कंप मच गया है जिनके मकानों में दूसरे प्रदेशों से आए लोग किराए से रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि नगर में कई लोग छोटी छोटी खोली बनाकर बाहर से आने वाले लोगों को किराए पर दे रहे हैं तथा उनकी पहचान भी नही रखी जाती है जिससे कई बार अपराधिक घटनाएं होने से मकान मालिक पर प्रकरण दर्ज किया जाता है। इधर नगर के बाहरी क्षेत्रों में भी लोगों ने मकान बनाकर रखें हैं जिसमें बड़ी संख्या में बाहरी लोग रहते हैं जिसमें कुछ तो धंधा करते हैं लेकिन कुछ लोगों का यह भी पता नही होता कि वे क्या करते हैं। पुलिस हमेशा होटल तथा लॉज आदि से ही जानकारी जुटाती है जबकि हजारों लोग ऐसे हैं जो बिना पहचान के नगर में जगह जगह किराए से निवास कर रहे हैं।

पुलिस ने मकान मालिकों से की जानकारी देने की अपील

रविवार पुलिस ने गुरूसाहब वार्ड निवासी जगदीश लोखंडे पर किराएदार की जानकारी नही देने पर प्रकरण दर्ज किया है। इसके साथ ही पुलिस ने नगरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अंजान व्यक्ति को मकान किराए से नहीं दें। पूरी जानकारी लेने के साथ ही पुलिस को भी अवगत कराएं जिसके बाद ही मकान बाहरी व्यक्ति को किराए से दें। पुलिस ने चेतावनी भी दी है कि यदि किसी भी बाहर से आए व्यक्ति को किराए से मकान देकर यदि जानकारी पुलिस को नही दी जाती है तो मकान मालिक पर कार्यवाही की जाएगी।

Read Also :- Crime News: पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, प्रकरण दर्ज

नगर के आसपास लगे डेरे में भी रहते हैं बाहरी लोग

इधर नगर के बाहरी क्षेत्र में जगह जगह बड़ी संख्या में डेरे लगे हुए हैं जिसमें बड़ी संख्या में लोग अस्थाई तौर पर रहते हैं। ऐसे लोगों द्वारा कभी थाने में पहुंचकर मुसाफिरी दर्ज नही कराई जाती। बताया जा रहा है कि जब भी नगर के आसपास डेरे लगते हैं नगर में चोरी आदि की घटनाएं बढ़ जाती है। इसके लिए पुलिस से आमजन ने डेरों का भी निरीक्षण करने की मांग की गई है ताकि डेरों में कौन से बाहरी लोग आकर रह रहे हैं। वर्तमान में राम मंदिर भूमि, नागपूर रोड सहित अन्य स्थानों पर कई जगह डेरे लगे हुए हैं जिसमें बाहरी लोग निवास कर रहे हैं।

Leave a Comment