पं. विश्वामित्र शरण ने कहा मां ताप्ती के स्मरण मात्र से मिलता है पुण्यफल
Betul Local News/मुलताई। पवित्र नगरी में मां ताप्ती जन्मोत्सव सप्ताह के पावन अवसर पर गुरूवार दोपहर भव्य कलश यात्रा के साथ मां ताप्ती महिमा कथा प्रारंभ हुई। गायत्री शक्तिपीठ से दोपहर लगभग 2 बजे पंडित विश्वामित्र शरण के सानिध्य में कलश यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला पुरूष शामिल हुए। इस दौरान महिलाएं भगवा तथा पीले वस्त्र धारण कर मां ताप्ती के जयकारे लगाते हुए चल रही थी। गायत्री शक्तिपीठ से प्रारंभ हुई कलश यात्रा ताप्ती सरोवर प्रदक्षिणा मार्ग का परिक्रमा लगाते हुए शक्तिपीठ पहुंची जहां मां ताप्ती महिमा कथा का श्रीगणेश हुए। विगत कई वर्षों से मां ताप्ती महिमा कथा का वाचन कर रहे पंडित विश्वामित्र शरण ने बताया कि मां ताप्ती के स्मरण मात्र से पुण्य फल की प्राप्ति होती है यह प्रताप अन्य किसी भी नदी में नही है। सूर्यपुत्री मां ताप्ती सृष्टि की प्रथम नदी है जिसका गुणगान नारद ऋषि द्वारा भी किया गया है। उन्होने कहा कि मां ताप्ती की महिमा अपरंपार है। मां ताप्ती सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक मां ताप्ती महिमा कथा का वाचन पंडित विश्वामित्र शरण के द्वारा किया जा रहा है जिसमें मां ताप्ती की संपूर्ण महिमा का वृतांत सुनाया जाएगा। समिति के सदस्यों ने नगर सहित संपूर्ण क्षेत्रवासियों से कथा का श्रवण कर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
125 गांवों में भिजवाए गए मां ताप्ती के पावन जल कलश, किया ध्वज पूजन