सैकड़ों की तादाद में चढ़ाए श्रृद्धालुओं ने ब्रह्मकमल
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। पवित्र नगरी में आश्चर्यजनक रूप से सोमवार सभी शिवलिंग पर ब्रह्मकमल नजर आए जो आकर्षण का केंद्र रहे। सिर्फ एक रात के लिए खिलने वाले इस फूल का श्रावण सोमवार की रात्री खिलना श्रृद्धालुओं के लिए श्रद्धा का प्रतीक रहा जिसे श्रृद्धालुओं ने शिवलिंग पर चढ़ाकर पूजन किया। बताया जा रहा है कि पवित्र नगरी में सोमवार रात्री बड़ी संख्या में ब्रह्मकमल खिले। रात्री 10 बजे के बाद यह फूल पूर्ण रूप से खिलता है जिसे लेकर श्रृद्धालु ताप्ती तट सहित प्रदक्षिणा मार्ग के शिव मंदिरों में पहुंचे और पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ फूल शिवलिंग पर चढ़ाए। पहले जहां नगर में ब्रह्मकमल गिने चुने घरों में ही खिलते थे वहीं इसकी धार्मिक महत्ता को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग इसका पौधा जमीन एवं गमलों में लगाने लगे जिससे अब यह फूल खासी तादाद में नजर आने लगा है। सोमवार रात्री 10 बजे के बाद शिवलिंग पर बड़ी संख्या में ब्रह्मकमल नजर आए। यदि सभी शिव मंदिरों की गणना की जाए तो यह फूल सैकड़ों की तादाद में चढ़ाया गया। श्रृद्धालुओं के अनुसार श्रावण मास के प्रथम सोमवार जगह जगह बड़ी तादाद में ब्रह्मकमल का खिलना लोगों के लिए जहां सुखद आश्चर्य है वहीं श्रद्धा और आस्था का भी प्रतीक है।

