परिजनों ने की शिक्षक की शिकायत
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। ग्राम हिवरखेड स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र की कथित रूप से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 8 वीं में अध्ययनरत छात्र सागर देशमुख ने बताया कि विद्यालय में सोशल साइंस विषय से संबंधित होमवर्क दिया गया था। छात्र के अनुसार घर पर मोबाइल उपलब्ध नहीं होने के कारण वह निर्धारित होमवर्क पूरा नहीं कर सका। अगले दिन स्कूल पहुंचने पर होमवर्क अधूरा मिलने पर शिक्षक सुखदेव साबले ने कथित तौर पर उसे लकड़ी से पीट दिया। बताया जा रहा है कि पिटाई के कारण छात्र को शारीरिक व मानसिक रूप से आघात पहुंचा, जिसके बाद वह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने छात्र की स्थिति देखकर नाराजगी जताई और उसे लेकर थाना मुलताई पहुंचे, जहां पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। परिजनों का कहना है कि विद्यालय में इस प्रकार की मारपीट न केवल अनुचित है बल्कि बच्चों के अधिकारों के खिलाफ भी है, इसलिए संबंधित शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
Read Also: Betul News Today- बसस्टेंड दुकानों का किराया तीन गुना करने पर कांग्रेस पार्षदों ने जताई आपत्ति
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर अभिभावकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्कूलों में अनुशासन के नाम पर शारीरिक दंड दिए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

