Holi 2026/चिचोली:-होलिका दहन के बाद बुधवार को फाल्गुन शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर नगर में धुरेड़ी के रूप में रंग उत्सव बड़े ही उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही नगर की सड़कों और गलियों में रंग-गुलाल की बौछार देखने को मिली। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी।
रंग उत्सव के दौरान युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और संगीत की धुन पर नृत्य करते हुए होली का आनंद लिया, जिससे पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना रहा। जगह-जगह मित्र मंडलियों द्वारा होली मिलन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने भी शाखा स्थल पर होली उत्सव मनाया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने नगर के शोक संतप्त परिवारों के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Crime News: शराब की अवैध रूप से बिक्री करते युवक को पकड़या
वहीं महिलाओं ने भी समूह बनाकर सामूहिक रूप से रंग उत्सव मनाया। महिलाओं की टोली ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कई लोगों ने अपने मित्रों के साथ वनभोज का आयोजन भी किया।
रंगों के इस उत्सव ने पूरे नगर में भाईचारे, प्रेम और उत्साह का संदेश दिया।

