कहा सांसद के आदिवासी होने के बावजूद खुलेआम हो रहा अत्याचार, प्रकरण वापस लेने की मांग
Betul Samachar/मुलताई। मासोद के खेड़ी रामोसी में भाजपा नेता के दबाव में पुलिस द्वारा आदिवासी समाज के लोगों पर गंभीर प्रकरण बनाए हैं जिसका विरोध करने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी मुलताई पहुंचे जहां प्रेस वार्ता के माध्यम से चर्चा करने के उपरांत खेड़ी रामोसी रवाना हुए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने कहा कि हमारे केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद के आदिवासी समाज से होने के बावजूद आदिवासियों पर अत्याचार हो रहा है तथा वे मूक दर्शक बने हुए हैं। उन्होने कहा कि भाजपा नेताओं के दबाव में पुलिस एवं प्रशासन एक तरफा कार्रवाई कर रहा है जिससे आदिवासी समाज में रोष व्याप्त है। उन्होने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वर्षों से जिस जमीन पर आदिवासी परिवार खेती कर रहे थे वह जमीन पर कब्जा करने भाजयुमो के जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे पूरे पुलिस प्रशासन की फौज लेकर पहुंचे तथा उन्होंने वहां एक वयोवृद्ध आदिवासी का गला पकड़कर विवाद प्रारंभकिया जिसके बाद आदिवासियों ने अपने बचाव के लिए विरोध किया। पूरे मामले में जहां पुलिस ने सिर्फ आदिवासी समाज के 32 लोगों पर विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किए वहीं विवाद प्रारंभ करने वाले भजयुमों जिलाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद उसके गुर्गों पर कोई कार्रवाई नही की जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में वर्षों से निवासरत आदिवासियों की भूमि को छल एवं बल से छीनने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार आती है तो वे भाजपा द्वारा कब्जा की गई आदिवासियों की भूमि उन्हें वापस दिलाएंगे।
Read Also: आगजनी की घटना, 5 एकड़ का गेहूं जलकर राख
भाजपा जिलाध्यक्ष की सरपरस्ती में किया जा रहा प्रताड़ित
जीतू पटवारी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के अध्यक्ष जिले के ही हैं जिनकी सरपरस्ती में आदिवासियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा आई है आदिवासियों की 1 लाख 46 हजार हेक्टेयर भूमि खरीदी गई है। उन्होंने कहा कि इसमें प्रशासनिक अधिकारियों की भी भूमिका संदिग्ध है जो नियमो का उल्लंघन कर रहे हैं। पटवारी ने कहा कि वे खेड़ी रामोसी गांव पहुंचकर पीड़ित आदिवासी परिवारों से मिलकर उनके हक की लड़ाई लड़ेगें। उन्होंने कहा कि भोले भाले आदिवासियों पर पुलिस द्वारा किसी अपराधी की तरह विभिन्न धाराएं लगाकर प्रकरण बना दिए गए जिसका कांग्रेस विरोध करेगी और समय आने पर धरना आंदोलन करने से भी नहीं चूकेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, बैतूल पूर्व विधायक निलय डागा, पूर्व विधायक पीआर बोड़खे, सुमीत शिवहरे, नितेश साहू तथा किशोरसिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

