MP News Today:- ससुराल पहुंची नई नवेली दुल्हन समेत पूरे ससुराल वालों को पड़ोसियों ने जमकर पीट दिया। दुल्हन और उसके ससुराल पक्ष के लोगों का कसूर सिर्फ इतना था कि शादी की खुशी में उन्होंने अपने पड़ोसियों को शराब नहीं पिलाई। यह पूरा मामला ग्वालियर के आरोन थाना इलाके के पटाई गांव का है। यहां के रहने वाले महेश की शादी 30 मार्च को हुई थी। 31 मार्च को अपनी दुल्हन को लेकर घर आया था।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मनीष यादव ने पत्रकारों को बताया कि पटाई गांव के रहने वाले महेश जाटव की 30 मार्च को शादी हुई थी और इस खुशी में उनके पड़ोसियों ने शराब पिलाने को कहा, जिसे लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि दूल्हे ने शराब के रुपये देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ही पक्षों में मारपीट हो गई। यादव ने बताया कि घायलों का मेडिकल टेस्ट कराया गया और पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

सामान और पैसे भी लूट ले गए
महेश जाटव की मां शीला जाटव ने पत्रकारों से कहा कि दुल्हन के आने के बाद घर में रस्में चल रही थीं कि इसी दौरान कुछ पड़ोसी आ गये और महेश से शराब के लिए रुपये मांगने लगे। उन्होंने कहा कि इसी को लेकर विवाद हो गया और फिर पड़ोसियों ने उनके परिवार के सदस्यों की पिटाई कर दी। शीला ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने के दौरान पड़ोसियों ने उनकी, उनके पति और महेश की दुल्हन को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, वे घरेलू सामान के साथ घर पर रखे कुछ रुपये भी लूट ले गए। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Read Also:- घरेलू विवाद ने ली जान: बहू ने ससुर के प्राइवेट पार्ट पर मारी लात, हुई मौत
दूल्हा-दुल्हन अस्पताल में, परिजन थाने में
इस घटना के बाद दूल्हा और दुल्हन घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, परिजन थाने में बैठे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। शादी की रस्में छोड़ पीड़ित परिवार थाने पहुंचा। पड़ोसियों की मारपीट के चलते शादी समारोह की खुशियां खत्म हो गईं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

