10 करोड़ की योजना से पेयजल व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
Betul News/मुलताई। नगर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए अब ठोस पहल की जा रही है। नगर के प्रमुख मार्ग गांधी चौक से अंबेडकर प्रतिमा बेरियर नाके तक पुरानी एवं जर्जर पाइप लाइन को बदलने का कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना की अनुमानित लागत 1 करोड़ 29 लाख रुपए निर्धारित की गई है।इस कार्य के लिए आवश्यक निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे अब निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। संबंधित विभाग द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।
नगर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा मुलताई के लिए कुल 10 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि का उपयोग चरणबद्ध तरीके से नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नई पाइप लाइनों के विस्तार तथा पुरानी लाइनों के नवीनीकरण में किया जाएगा।
Betul Samachar: नगर सहित ग्रामीण अंचल में गूंजा भक्ति का माहौल
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति मिल सकेगी। साथ ही बार-बार होने वाली पाइप लाइन लीकेज, पानी की बर्बादी और सप्लाई में रुकावट जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने कहा कि नगर में बिना किसी भेदभाव के कार्य किए जा रहे हैं और सभी वार्डों में आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए विधायक चंद्रशेखर देशमुख का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से नगर को विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत हुई है। वहीं विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत राशि से मुलताई के विकास को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में नगर की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी।जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की है कि कार्य के दौरान होने वाली अस्थायी असुविधाओं में सहयोग करें, ताकि कार्य समय पर और सुचारू रूप से पूर्ण किया जा सके।

