मजाक मजाक में की गई नीलामी ने लिया गंभीर रूप
Betul Samachar/मुलताई। कार्तिक मेले में झूलों के स्थल की नीलामी धीरे धीरे गंभीर रूप लेती जा रही है जिसमें सीएमओ विरेन्द्र तिवारी द्वारा जहां पहले कहा गया था कि मजाक मजाक में नीलामी कराई गई वहीं अब नीलामी उनके गले की हड्डी बन गई है। परिषद द्वारा उन्हे बकाया 10 लाख रूपए राशि की वसूली झूला संचालकों से करने या स्वयं पूरी राशि जमा करने का कहा है। इधर राशि वसूल नही होने से सीएमओ विरेन्द्र तिवारी द्वारा उपयंत्री महेश शर्मा को झूला संचालकों पर एफआईदर्ज कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरे मामले में उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा थाना प्रभारी को शिकायत सौंपी जा रही है ताकि पुलिस झूला संचालकों पर कार्रवाई कर सके।
इधर झूला संचालकों का मत है कि बिना परिषद की स्वीकृति के झूला स्थल की नीलामी अवैध है जबकि अन्य कोई दुकानों की नीलामी नही हुई इसलिए जब सभी को 10 रूपए स्क्वेयर फीट की दर पर भूमि दी गई तो सिर्फ झूला संचालकों से ही 40 रूपए स्क्वेयर फीट की वसूली करने का क्या तुक है। यह तो सरासर पक्षपात है जिससे आगामी समय में झूला संचालकों को मेले में झूले लगाने से पहले कई बार सोचना होगा। गौरतलब है कि कार्तिक पूर्णिमा पर नगर पालिका सीएमओ विरेन्द्र तिवारी द्वारा झूला स्थल की नीलामी कराई गई थी जिसके बाद उन्होने कहा था कि यह नीलामी मजाक मजाक में की गई थी जिस पर नपा परिषद द्वारा आपत्ति लेते हुए कहा गया था कि जिस दर पर झूलों के लिए संचालकों को स्थल दिया गया था उसी दर से वसूली आवश्यक है अन्यथा सीएमओ स्वयं 10 लाख रूपये की राशि नगर पालिका में जमा करें। खैर जो भी हो लेकिन सीएमओ द्वारा मजाक मजाक में कराई गई नीलामी अब उनके ही गले की हड्डी बन गई है और मामला पुलिस तक जा पहुंचा है जिसमें देखना यह है कि क्या झूला संचालकों से वसूली हो सकती है या सीएमओ द्वारा सभी झूला संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
Betul News: नगर में पुरानी पाइप लाइन बदलने का कार्य जल्द होगा शुरू

