Betul Local News/मुलताई। अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में चिल्हाटे परिवार द्वारा आयोजित 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। यह कलश यात्रा गायत्री नगर, पारेगांव रोड से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची।कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा गायत्री नगर से प्रारंभ होकर बैतूल रोड, बस स्टैंड, मुख्य मार्ग, ताप्ती मंदिर होते हुए ताप्ती परिक्रमा कर गायत्री शक्ति पीठ, फव्वारा चौक से होते हुए वापस आयोजन स्थल पहुंची। इस दौरान नगरवासियों को यज्ञ एवं कथा में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर कलशधारी बहनों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात टोली नायक द्वारा यज्ञ के महत्व एवं वर्तमान समय में प्रज्ञा पुराण कथा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
Read Also: नरवाई की आग से खेत में लगी भीषण आग, फायर टीम ने समय रहते पाया काबू
इस आयोजन में गायत्री परिवार के विभिन्न प्रज्ञा पीठों, प्रज्ञा मंडलों, महिला मंडलों एवं युवा मंडलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। साथ ही ग्राम नरखेड़, सोनौरा, खड़आमला, शांडिया, देवभिलाई, नंदबोही, जाम सहित आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 5 कुंडी गायत्री महायज्ञ आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्र निर्माण हेतु आहुतियां समर्पित की जाएंगी। वहीं प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन दोपहर 2:30 बजे से 5 बजे तक एवं रात 8 बजे से 10 बजे तक किया जाएगा।

