रथ पर सवार होकर निकली अंबा भवानी
Betul Samachar News/मुलताई। प्रभातपट्टन ब्लाक के ग्राम अमरावती घाट में आयोजित हो रहे चैत्र महोत्सव के अवसर पर शनिवार को मां अम्बा भवानी मंदिर से भव्य चुनरी यात्रा निकली। मां अम्बा भवानी की पूजा अर्चना कर चुनरी यात्रा का शुभारंभ किया गया। चुनरी यात्रा में मां अम्बा रथ, आदिवासी ढोल ताशे, ग्राम मंगोना का वारकरी मंडल, अमृतेश्वर शिव मंदिर अमय बिडा का शुभम धूमांल, ग्राम का दुर्गा डांडिया ग्रुप,चुनर यात्रा सेवा दल और लेझिम दल, अंबे जस मंडल बाजार चौक , भारत माता की झांकी सहित अन्य झांकियां शामिल थी। यात्रा में मां अम्बा भवानी के स्वरूप को रथ नुमा वाहन में सवार किया गया था।वही महिलाएं 151मीटर चुनरी लेकर मां अंबा के जयकारे लगाते हुए चल रही थी ।साथ ही युवतियां और बालिकाएं डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए चुनरी यात्रा की अगवानी कर रही थी।वही लेझिम का प्रदर्शन भी यात्रा का आकर्षण था। यात्रा में रैया दाई आदिवासी नृत्य भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा था। गाजे बाजे के साथ निकली चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में महिला पुरुष मां अंबे के जयकारे लगाते हुए सहभागिता दर्ज करा रहे थे।यात्रा ग्राम के प्रमुख मार्गो से गुजर कर मां अंबा भवानी मंदिर पहुंची जहां जयकारों के साथ पूजा अर्चना कर मां अम्बा भवानी को 151 मीटर चुनरी अर्पित की गई।यात्रा के ग्राम भ्रमण के दौरान ग्राम के देवी देवताओं का पूजन भी किया गया। अंबा भवानी मंदिर में महा आरती के साथ चुनरी यात्रा का समापन किया गया। रविवार को चैत्र महोत्सव के अवसर पर अंबा भवानी मंदिर में पारंपरिक अनुष्ठान नाडे गाडे का आयोजन होगा।

Blood Donation-रक्तदान शिविर का आयोजन, 77 यूनिट रक्त संग्रहित

