Betul Ki Taja Khabar/बोरदेही (सूर्यप्रकाश शेटे)– प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार समस्त बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है जिसमें सहकारी संस्था के अंतर्गत आने वाले ग्रामों के कृषकों नए सदस्य बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा घोषित कृषक कल्याण वर्ष 2026 अन्तर्गत सघन अभियान चलाकर सभी सहकारी समितियों में 10 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान 14 अप्रैल डॉ बी आर अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शुरू किया गया है। सदस्यता अभियान हेतु शासन द्वारा विधिवत मार्गदर्शिका जारी की गई है जिसका पालन करते हुए सभी समितियों को अभियान चला कर नए सदस्य जोड़ना होगा।
Read Also: जनपद शिक्षा केंद्र ने शालाओं की जानकारी देने से झाड़ा पल्ला, अधिकारी ने नए नियम का दिया हवाला
सघन अभियान चलाकर जोड़े जाएंगे सदस्य
सहकारी समिति खेड़ली बाजार की प्रबंधक सुश्री पूजेश्वरी कवड़े ने बताया कि कृषकों को सहकारी समितियों से जोड़ने तथा यहां से शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में खेड़ली बाजार समिति में भी इस अभियान की शुरुआत की गई है। समिति के प्रभारी प्रबंधक दिनेश चिल्हाटे ने बताया कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए सदस्यता अभियान के अन्तर्गत नए कृषकों को सदस्यता दिलाई जा रही है। घर घर जाकर उनसे संपर्क किया जा रहा है। सदस्यता अभियान के पीछे शासन के कल्याणकारी उद्देश्य से सभी को अवगत कराया जा रहा है। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक बैतूल की शाखा मुलताई के पीबी हजारे पर्यवेक्षक शिविर अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे साथ ही प्रबंधक पूजेश्वरी कवड़े, प्रभारी प्रबंधक दिनेश चिल्हाटे, केशोराव ठाकरे, राजेश सोलंकी, पंकज नायक, वासु गव्हाड़े सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।

