भीषण गर्मी में 26 में से 10 नलकूप हुए बंद, हरदोली बांध से हो रही नगर में जलापूर्ति

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                             रामनगर की पाईप लाईन कंप्लिट नही होने से अभी भी जल प्रदाय में आ रही समस्या

Betul News Today/मुलताई। नगर में अप्रैल माह में भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे जलस्त्रोत सूख रहे हैं वहीं इसका प्रभाव नलकूपों पर भी पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा नगर में 26 नलकूपों से जल प्रदाय किया जा रहा है जिसमें से वर्तमान में 10 नलकूप ग्रीष्मकाल में प्रभावित होने से 16 नलकूपों से जल प्रदाय किया जा रहा है। फिलहाल अधिकांश जल प्रदाय हरदौली जलावर्धन योजना के तहत ही हो रहा है इसलिए भीषण गर्मी के बावजूद जल प्रदाय में अभी तक विशेष समस्या नही आई है। प्रतिवर्ष ग्रीष्मकाल में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र रामनगर होता है जहां वार्ड में नलकूपों के भरोसे ही जल प्रदाय किया जाता रहा है। नगर पालिका द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे पटरी क्रास कर पाईप लाईन डाली गई है साथ ही रामनगर में पेयजल टंकी का निर्माण भी किया गया है लेकिन पाईप लाईन का कार्य पूर्ण नही होने से इस वर्ष भी रामनगर वासियों को नलकूपों के भरोसे ही रहना पड़ेगा वहीं नलकूप सूखने पर नपा द्वारा टैंकरों से जलापूर्ति की जाएगी। उपयंत्री योगेश अनेराव ने बताया कि शीघ्र ही पटरी के नीचे से पाईप लाईन का कार्य पूर्ण किया जा रहा है जिसके बाद नगर से ही रामनगर की पेयजल टंकी के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी।

कुंओं से भी जल प्रदाय हेतू लिया जा रहा पानी

नगर पालिका द्वारा हरदौली बांध से जहां जल प्रदाय किया जा रहा है वहीं नगर में नलकूपों के साथ साथ कुंओं का भी सहयोग लिया जा रहा है ताकि पूरे नगर में ग्रीष्मकाल में व्यवस्थित जल प्रदाय किया जा सके। नगर में कुल 9 कुंओं का उपयोग जल प्रदाय के लिए किया जा रहा है जिसमें पंप नंबर 2 का कुंआ, भायलाला कुंआ, पंचायती कुंआ, सतवाहिनी खंडेलवाल कुंआ, कामड़ी कुंआ, भार्गव कुंआ, पंप नंबर 3 कुंआ, पंप नंबर 4 कुंआ तथा पंप नंबर 5 कुंआ से जलापूर्ति में सहयोग लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उक्त कुंओं में जहां वर्ष भर पर्याप्त पानी रहता है वहीं ग्रीष्मकाल में भी कुंओं से पर्याप्त पानी की सप्लाई होती है जिससे नगर में किए जा रहे जलप्रदाय में सहयोग मिलता है।

Betul Ki Khabar- 20 से 25 एकड़ में लगी आग नरवाई सहित भूसा और पाइप जले

ग्रीष्मकाल में सूखे 10 नलकूप

नगर में ग्रीष्मकाल आते ही कुल 26 नलकूपों में से 10 नलकूप धीरे धीरे वर्तमान में सूख चूके हैं जिससे पानी नही निकल रहा है। उपयंत्री अनेराव ने बताया कि नलकूपों में गढ़ेकर कंपाउंड बोर, हाईस्कूल मैदान बोर, अरिहंत लान के पीछे के 2 बोर, रामनगर स्थित 2 बोर, मासोद पंप बोर, राजा सर्विसिंग सेंटर के पास को बोर, सिविल लाईन का बोर तथा मौना बाई के निवास के पास का बोर सूख चुका है इसलिए नगर पालिका द्वारा बाकि 16 नलकूप से जल प्रदाय किया जा रहा है। उपयंत्री ने बताया कि नलकूपों से पहले बड़े टाकों में पानी का स्टाक किया जाता है जिसके बाद सप्लाई के बाद फिर टाकों को भरा जाता है इस स्थिति में समय की अधिक खपत होती है तथा जल प्रदाय में भी अधिक समय व्यय होता है।

विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से खड़ी होती है समस्या

नगर में ग्रीष्मकाल में विद्युत आपूर्ति भी लगातार प्रभावित होती है जिसका सीधा असर जल प्रदाय पर पड़ता है। नगर में कुल 4 लाख लीटर पानी सांडिया पंप हाऊस से प्राप्त होता है लेकिन ग्रामीण अंचल में होने से वहां विद्युत बार बार प्रभावित होती है। इधर पानी उगलने वाले नलकूपों से कुल 4 लाख लीटर पानी प्राप्त होता है वहीं हरदौली फिल्टर प्लांट से कुल 16 लाख लीटर की जलापूर्ति होती है जिससे नगर की पेयजल व्यवस्था संचालित होती है। अलग अलग जगह से पानी का संग्रहण कर वितरण के दौरान कई जगह विद्युत प्रदाय प्रभावित होने से जलापूर्ति भी प्रभावित होती है जिसके लिए नगर पालिका के कर्मचारी चौबिसों घंटे मुस्तैद रहते हैं ताकि नगर की जलापूर्ति प्रभावित ना हो सके।

Leave a Comment