ताप्ती सरोवर में आने वाली गंदगी पर कार्य योजना बनाने के सीएमओ एवं उपयंत्रियों को दिए निर्देश
BETUL NEWS/मुलताई। बैतूल जिले में पदस्थापना के बाद पहली बार पवित्र नगरी मुलताई पहुंचे कलेक्टर डा. सौरभ संजय सोनवणे ने मां ताप्ती के दर्शन कर ताप्ती तट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीएमओ विरेन्द्र तिवारी, उपयंत्री महेश शर्मा तथा योगेश अनेराव सहित जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में ताप्ती भक्त मौजूद रहे। कलेक्टर ने ताप्ती सरोवर एवं तालाब का निरीक्षण करते हुए ताप्ती भक्तों से समस्याओं को लेकर चर्चा की तथा ताप्ती के बहाव संबन्धित जानकारी ली। इस दौरान ताप्ती सरोवर के स्लूज गेट निर्माण में विलंब की शिकायत पर उन्होने सीएमओ तिवारी को निर्देश देते हुए कहा कि यदि ठेकदार काम नही कर रहा है तो उसे ब्लैक लिस्टेड करें। उन्होने कहा कि जब टेंडर हुए एक माह से अधिक हो चुका है तो ठेकदार क्यों विलंब कर रहा है। उन्होने कहा कि यदि बारिश के पहले कार्य नही हुआ तो सरोवर में पूरा पानी भर जाएगा फिर काम नही हो सकेगा। पार्षद अजय यादव ने बताया कि स्लूज गेट बंद रहने से ताप्ती मंदिर में पानी भर जाता है जिससे मंदिर लगातार क्षतिग्रस्त हो रहा है इस स्थिति में शीघ्र स्लूज गेट का निर्माण होना आवश्यक है। कलेक्टर के आदेश पर सीएमओ सहित उपयंत्रियों ने बताया कि ठेकदार को अंतिम नोटिस दिया जा चुका है जिससे ठेकेदार द्वारा शीघ्र कार्य करने का आश्वासन दिया है।

ताप्ती सरोवर में समाहित गंदगी पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान ताप्ती भक्त सौरभ जोशी सहित अन्य लोगों ने उन्हे सीवर लाईन प्रोजेक्ट बंद होने से लगातार ताप्ती सरोवर के प्रदूषित होने की समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर द्वारा तकनीकि अधिकारियों से ताप्ती को प्रदूषण मुक्त करने के लिए ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होने कहा कि लोगों के घरों से निस्तार का पानी सरोवर में समाहित नही होना चाहिए इसलिए सटीक कार्य योजना तैयार करें ताकि ताप्ती जल का आचमन करने वाले श्रद्धालुओ की भावनाएं आहत ना हो। इस दौरान कलेक्टर द्वारा क्षतिग्रस्त 17 दुकानों के विषय में भी सीएमओ तिवारी से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ताप्ती भक्तों द्वारा ताप्ती जल आवक मार्ग सहित प्रवाह क्षेत्र में भी समाहित हो रही गंदगी की ओर कलेक्टर का ध्यानाकर्षण किया। उन्होने नगर में जल प्रदाय चार दिनों के अंतराल में होने की समस्या पर अधिकारियों से चर्चा की तथा समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
Read Also: अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं गौवंश तस्करी के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रभात पट्टन के घाट बिरोली पहुंचे कलेक्टर
पवित्र नगरी आने के पूर्व कलेक्टर डा. सोनवणे ने प्रभात पट्टन क्षेत्र के घाट बिरोली पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होने अन्य ग्रामों में पहुंचकर योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का निरीक्षण किया साथ ही ग्रामीणों से चर्चा की। घाट बिरोली में निरीक्षण के दौरान उन्होने पीएम आवास योजना, संबल पंजीयन तथा श्रम योगी मानधन योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। उन्होने लंबित आवास योजना को शीघ्र पूर्ण करने तथा हितग्राहियों को योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पेयजल टंकी की मरम्मत तथा अधूरे पड़े शाला भवन निर्माण पर भी नाराजगी जताई। इस दौरान अधूरे पड़े तालाब निर्माण के कार्यों पर संबन्धित उपयंत्रियों को नोटिस देने के निर्देश दिए।

