कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने मेढ़ा सिंचाई परियोजना और ग्रामीण योजनाओं की जमीनी समीक्षा की, तेजी से कार्य कराने और निराकरण के दिए निर्देश

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

Betul Samachar News/भैंसदेही/मनीष राठौर :- कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को जनपद भैंसदेही के ग्रामों का सघन भ्रमण करते हुए मेढ़ा समूह सिंचाई परियोजना (एमवीएस), मेढ़ा डैम और ग्राम टेमुरनी–झल्लार में चल रही विकास योजनाओं की व्यवस्थित समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, डूब प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण और शिक्षा–स्वास्थ्य के क्षेत्रों में गुणवत्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत निर्देश दिए।

मेढ़ा सिंचाई परियोजना और डैम पर फोकस
कलेक्टर ने ग्राम मेढ़ा में प्रगतिरत मेढ़ा समूह सिंचाई परियोजना तथा मेढ़ा डैम का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जल शोधन संयंत्र (28 एमएलडी), इंटेक वेल (33.67 एमएलडी), पंप स्टेशन और पाइपलाइन कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए सिविल, पाइपलाइन और ईएंडएम कार्यों के लिए अतिरिक्त जनशक्ति लगाने तथा आवश्यकता अनुसार दो शिफ्ट में कार्य कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को माहवार माइलस्टोन तय कर भौतिक और वित्तीय दोनों प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने कहा, साथ ही पाइप, वाल्व, पंप, मोटर और अन्य विद्युत उपकरणों की अग्रिम सामग्री योजना तैयार करने के निर्देश दिए। पाइपलाइन अलाइनमेंट से जुड़े वन क्षेत्र की एनओसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश एसडीएम को दिए।

डूब प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं और तीन दिन में निराकरण
मेढ़ा डैम और सिंचाई परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने डूब क्षेत्र के निवासियों से सीधे संवाद किया और मुआवजा, पुनर्वास तथा अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। इस संदर्भ में उन्होंने एसडीएम भैंसदेही को ग्राम में शिविर आयोजित कर तीन दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही स्कूल, आंगनवाड़ी, राशन व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा‑निर्देश जारी किए गए, ताकि बांध और सिंचाई परियोजना से जुड़े क्षेत्रों में विकास के फायदे गांव-गांव तक पहुंचें। इस दौरान एसडीएम अजीत मरावी, पीआईयू से अविनाश दिवाकर, आरई जल निगम अर्पित सिंघल, कार्यपालक–सहायक अभियंता तथा ठेकेदार प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

राशन, आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं की जांच
ग्राम टेमुरनी में कलेक्टर ने राशन दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, पेयजल आपूर्ति और निर्माणाधीन आवास योजनाओं का निरीक्षण किया। राशन दुकान की स्टॉक स्थिति की जांच करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि दुकान निर्धारित दिनों पर अनिवार्य रूप से संचालित हो और सभी पात्र हितग्राहियों को सुचारु रूप से राशन वितरित किया जाए।

पंचायत भवन की मरम्मत और निर्माणाधीन भवन को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जबकि ग्राम में हरियाली बढ़ाने के लिए व्यापक पौधरोपण कराने पर जोर दिया। आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें मिलने वाले नाश्ते व भोजन की जानकारी ली और बच्चों के बीच चॉकलेट भी वितरित की।

Betul Ki Taja Khabar: तुरवी एवं वन्या ने महाराष्ट्र में लहराया परचम

स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालयों की गुणवत्ता पर जोर
स्वास्थ्य केंद्र में कलेक्टर ने ओपीडी रजिस्टर, एनसीडी ऐप और दवाओं के स्टॉक की विस्तृत जांच कर प्रभावी संचालन, समय से दवाएं उपलब्ध कराने और रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। झल्लार की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता, गणवेश, छात्रवृत्ति और 10वीं–12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की।

कम रहे परिणाम पर विषयवार शिक्षकों से कारण पूछे गए और तिमाही व बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर रणनीति, आधारभूत शिक्षा पर अधिक ध्यान और आगामी बोर्ड परीक्षा परिणामों को 90 प्रतिशत से कम न रहने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों की शिकायत पर पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए।

छात्रावास, प्रसव सेवाएं और परिवार नियोजन पर ध्यान
कलेक्टर ने झल्लार में नवनिर्मित सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण कर बारीकी से गुणवत्ता की जांच की और निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण के बाद ही इसका हैंडओवर लिया जाए। इसके बाद जांच टीम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां ओपीडी, मेडिकल वेस्ट रजिस्टर और संस्थागत प्रसव की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने हाई‑रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, निमोनिया से बचाव के लिए आशा–एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता वीडियो चलाने और ग्रामीणों को परिवार नियोजन के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस दैरान एसडीएम अजीत मरावी, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment