पीपलना कला में लगी भीषण आग से दो मकान जले, राहत सामग्री लेकर पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी
Betul Ki Khabar/भैंसदेही/मनीष राठौर:- भैंसदेही ब्लॉक के ग्राम पीपलना कला में शनिवार दोपहर अचानक लगी आग ने दो परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। ग्राम निवासी मंगल पन्नालाल हेगडे और कृष्ण माधवराव हेगडे के मकानों में अचानक आग भड़क उठी, जिससे दोनों घर कुछ ही देर में जलकर खाक हो गए। भीषण आगजनी में घरों में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू सामान सहित जीवनयापन की सभी आवश्यक वस्तुएं नष्ट हो गईं। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवार गहरे संकट में आ गए हैं।
आगजनी की जानकारी मिलते ही आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, पंकज सिंह चौहान, भैंसदेही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रानू ठाकुर, आदिवासी कांग्रेस भैंसदेही ब्लॉक अध्यक्ष मंगेश सरयाम, सरपंच खोमई एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। नेताओं ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें अनाज व राशन सामग्री भेंट कर आर्थिक और नैतिक सहयोग प्रदान किया।
इस दौरान रामू टेकाम ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना सभी का दायित्व है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवज़ा दिया जाए ताकि वे अपने जीवन को फिर से व्यवस्थित कर सकें। उन्होंने परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
Read Also:- आग का तांडव: बैतूल के बर्राढाना गांव में 15 से ज्यादा मकान राख, गैस सिलेंडर फटे
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि घरों को बचाने का अवसर ही नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल बना रहा।इस मौके पर शेख मोनू और श्रीराम चडोकार भी उपस्थित रहे।

