मामला मासोद रोड पर ताप्ती नदी से लगी टेकडी को मशीनों से छलनी करने का
Betul Samachar/मुलताई। नगर सहित आसपास का क्षेत्र खनन माफियाओं की नजर में होने से चारों दिशाओं में जमकर अवैध उत्खनन जारी है। रातों रात बुलडोजर से मुरूम का उत्खनन कर टेकडी और छोटी पहाड़ियों को छलनी किया जा रहा है जिसकी सूचना देने के बावजूद खनिज विभाग कार्रवाई करने में विलंब कर रहा है। कुछ दिनों पूर्व सांडिया में ताप्ती नदी से लगे क्षेत्र में भारी अवैध उत्खनन की शिकायत ग्राम सरपंच सहित ग्रामीणों के द्वारा पेड़ काटने के मामले में पहुंचे तहसीलदार संजय बरैया से की गई थी। शिकायत पर तहसीलदार ने इसकी सूचना कार्रवाई के लिए खनिज विभाग के अधिकारियों देने का कहा था इसके बावजूद अभी तक अवैध उत्खनन पर कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है तथा लोग अवैध उत्खनन करने वालों पर कार्रवाई की राह देख रहे हैं।
टेकड़ी पर जगह जगह बुलडोजर चला कर किया छलनी
लंबे समय से सांडिया के पास स्थित टेकडी की जमकर खुदाई जारी है जिससे भारी मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है। मुख्य मार्ग से लगे इस क्षेत्र में हुआ उत्खनन मार्ग से ही नजर आ रहा है इसके बावजूद उत्खनन लगातार जारी है। आसपास के रहवासियों ने बताया कि रात में मशीनों से खुदाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि भू खनन माफिया राजनैतिक संरक्षण प्राप्त होने से कार्रवाई नहीं की जा रही है जिससे एक तरफ जहां टेकडी सहित अन्य स्थलों को छलनी किया जा रहा है वहीं मुरूम के वारे न्यारे किए जा रहे है। पूरे मामले में सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से संबन्धित विभाग की लापरवाही साफ नजर आ रही है।
भैंसदेही: किसान की सहमति बिना खेतों में डाले डीपी पोल, सड़क चौड़ीकरण से बढ़ा विवाद
खनिज अधिकारी बोले होगी कार्रवाई
सूचना के बावजूद भू माफियाओं पर कार्रवाई नहीं होने के संबंध में जब खनिज विभाग के अधिकारी मनीष पलेवार से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि समय समय पर मुलताई में कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले ही मुरूम का अवैध उत्खनन करने वाले डंपर पर कार्रवाई की गई थी। उन्होंने बताया कि उत्खनन की जानकारी मिली है इसलिए शीघ्र मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। इधर ग्रामीणों का कहना है कि उत्खनन तो जमकर हो रहा है लेकिन कार्रवाई की सिर्फ औपचारिकता की जा रही है। बताया जा रहा है कि अवैध उत्खनन में मिलीभगत से सुनियोजित तरीके से खुदाई की जा रही है जिससे भू माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

