तकनीकी इंजीनियर की अनुपस्थिति में लापरवाही से खड़े हो रहे बिजली पोल, हादसे का खतरा मंडराया

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

BETUL NEWS/भैंसदेही/मनीष राठौर:- भैंसदेही क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्यों के नाम पर चल रही बिजली पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। नगरवासियों ने आरोप लगाया है कि तकनीकी इंजीनियर की अनुपस्थिति में नियमों की अनदेखी कर पोल खड़े किए जा रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान मजबूत बेस बनाने के बजाय मोरम, साधारण मिट्टी और पत्थरों का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। नगरवासियों का कहना है कि कई स्थानों पर पोलों का आधार इतना कमजोर है कि तेज बारिश या आंधी आने पर ये धराशायी हो सकते हैं। इससे न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होगी, बल्कि जान-माल को भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

नगरवासियों में डर और आक्रोश
क्षेत्र के निवासियों ने बताया कि सौंदर्यीकरण के नाम पर हो रहे ये कार्य गुणवत्ता से कोसों दूर हैं। सूत्रों के अनुसार, एक नगरवासी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “इंजीनियर साहब कहीं नजर नहीं आते। ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। अगर कोई हादसा हुआ तो जिम्मेदारी कौन लेगा?” नगरवासियों में डर का माहौल है और वे रातों को चैन की नींद नहीं सो पा रहे। तेज हवाओं या मानसून में पोल गिरने की आशंका से पूरा इलाका भयभीत है।

सौंदर्यीकरण कार्यों पर उठे सवाल
सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत बिजली पोलों को सड़कों के किनारे शिफ्ट किया जा रहा है, लेकिन कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बिजली पोलों के लिए सीमेंटेड या मजबूत कंक्रीट बेस अनिवार्य होता है, जो यहां पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि इन कार्यों की गुणवत्ता जांच कौन करेगा? क्या संबंधित विद्युत विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस लापरवाही पर ध्यान देंगे या किसी बड़े हादसे का इंतजार करेंगे?

Betul Ki Khabar: शासकीय महाविद्यालय भैंसदेही में सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश प्रारंभ

विभागीय चुप्पी, जनता में नाराजगी
फिलहाल विद्युत विभाग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। क्षेत्र में इस लापरवाही को लेकर नगरवासियों में भारी नाराजगी फैल गई है। कई लोग उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की योजना बना रहे हैं। यदि तत्काल जांच न हुई तो मामला और गंभीर रूप धारण कर सकता है l

नगर परिषद भैंसदेही के इंजिनियर,,,नितिन मीणा

जब इनको हमने दूरभाष का संपर्क किया तो उन्होंने हमारा फोन नहीं उठाया

Leave a Comment