आरोपी फरार, 3 लाख 30 हजार का सामान जब्त
Crime News/मुलताई। पुलिस ने रविवार सुबह गौवंश से भरा एक बोलेरो वाहन पकड़ा है। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन छिंदवाड़ा की ओर से मुलताई की तरफ तेज गति से आ रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम एवं स्थानीय सहयोगियों द्वारा ग्राम बरखेड़ पंखा क्षेत्र में निगरानी की गई। कुछ समय बाद बोलेरो वाहन क्रमांक एमएच 21-सी-2154 को संदिग्ध अवस्था में आते देखा गया। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किंतु चालक वाहन को तेज गति से भगाते हुए भागने लगा। पीछा कर वाहन को बरखेड़ बाजार चौक पर रोका गया, जहां चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 07 नग गौवंश को क्रूरता पूर्वक पैर एवं मुंह बांधकर एक-दूसरे के ऊपर भरा हुआ पाया गया। वाहन को थाना मुलताई लाकर गौवंश को उतारा गया, जिसमें 02 गायों की मृत्यु होना एवं 05 गौवंश घायल अवस्था में पाया गया। प्रथम दृष्टया गौवंश को वध हेतु महाराष्ट्र की ओर ले जाना पाया गया।
प्रकरण में धारा 4, 6, 9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11(1)(घ) पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर बोलेरो वाहन एवं गौवंश सहित लगभग 3 लाख 30 हजार रुपये का मशरूका जप्त किया गया। घायल गौवंश को उपचार एवं संरक्षण हेतु बघोड़ा गौशाला सुपुर्द किया गया तथा मृत गौवंश का नियमानुसार अंतिम निस्तारण कराया गया। पुलिस द्वारा फरार वाहन चालक की तलाश एवं मामले की विवेचना की जा रही है।

