ग्रामीण अंचल में विद्युत कटौती के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का रोष
Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। भीषण गर्मी में इन दिनों ग्रामीण अंचलों में विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा जमकर विद्युत कटौती की जा रही है जिससे ग्रामीण हलाकान परेशान हो गए हैं वहीं जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। पूर्व में कई बार ग्रामीणों द्वारा विद्युत केन्द्रों पर जाकर इसकी शिकायत भी की गई इसके बावजूद कटौती रूकने का नाम नहीं ले रही है जिसके कारण ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। गुरूवार अघोषित विद्युत कटौती को लेकर ग्रामीण अंचलों के विद्युत केन्द्रों पर उपभोक्ताओं द्वारा जगह जगह प्रदर्शन किया गया साथ ही अघोषित कटौती बंद नही करने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई। गुरूवार ग्राम गोपाल तलाई, खरसाली, चौथिया , बिछुआ, सोनारा, सांडिया तथा जामगांव के विद्युत उपभोक्ताओं के द्वारा विद्युत केन्द्र पहुंचकर जमकर हंगामा करते हुए विद्युत कटौती बंद करने की मांग की है। जनपद सदस्य अजय बारस्कर तथा जेडी पाटिल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम से लगातार हो रही विद्युत कटौती की शिकायत की है। जनपद सदस्य अजय बारस्कर ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा भीषण गर्मी के दौरान जहां घोषित कटौती तो की जा रही है वहीं अघोषित कटौती भी करने से ग्रामीणों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उन्होने बताया कि भीषण गर्मी एवं उमस में बिना पंखे कूलर के रहना पड़ रहा है। विद्युत नहीं रहने से उससे संबन्धित सभी कार्य प्रभावित हो गए हैं। पशुओं को पीने के लिए टाकों में पानी नहीं डाल पा रहे हैं। ग्रामीण साहेबराव श्रावण, बाबा, कृष्णा, कांता, निर्मला, सुमन, दिलीप, युवराज, हिमांशु, वसंत, योगराज, जयदीप, मधु, पंजाबराव, पिंटू तथा अमृतराव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बताया कि अघोषित कटौती से ग्रामीण परेशान हो चुके हैं ऐसी स्थिति में अब वे आंदोलन के लिए आमादा हैं।
मासोद में विद्युत केन्द्र पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सब स्टेशन मासोद सहित क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीण उपभोक्ताओं ने गुरुवार को सुबह सब स्टेशन पर मासोद पहुंचकर रात के समय में हो रही अघोषित कटौती की शिकायत की। परेशान ग्रामीणों ने तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की।बजरंग दल जिला उपाध्यक्ष किशोर जायसवाल, मनोहर सावरकर, संजू गोस्वामी, मुन्ना खाकरे,राम आसोलकर, धीरज पटवारी मारुति सेंदरकर ,महादेव लाड़े, माठू पटवारी गणेश ठाकुर आदि ने आवेदन देते हुए बताया कि भीषण गर्मी के बीच दिन व रात में बार-बार बिजली बंद होने से परेशानी हो रही है। रात में कभी आधा घंटा तो कभी दो से तीन घंटे तक बिजली बंद होने से छोटे-छोटे बच्चे व बुजुर्ग एवं मरीजो को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर ग्रामीण बिजली ऑफिस मासोद पहुंचकर बिजली कटौती बंद करने के लिए सहायक प्रबंधक तुलसीराम सलाम के नाम बिजली कर्मचारी दीपक मांडले को आवेदन देकर समस्या हल करने की मांग की । ग्रामीणों ने कहा की समस्या का समाधान नहीं होने पर बिजली ऑफिस के घेराव करने की चेतावनी दी ।
लोड सेटिंग के लिए हो रही कटौती
पूरे मामले में एक तरफ जहां अघोषित विद्युत कटौती से गर्मी जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है और लोग बेहाल हैं वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी इसे लोड सेटिंग की वजह से बिजली कटौती बता रहे हैं। मासोद विद्युत केंद्र के कनिष्ठ यंत्री तुलसीराम सलाम ने बताया कि लोड सेटिंग करने के लिए कटौती की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए वरिष्ठ पदाधिकारीयो को ईमेल से सूचना दे दी गई है साथ ही आवेदन से भी अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

