आग ने खेत में बने कच्चे मकान को लिया चपेट में, कृषि उपकरण व भूसा जलकर खाक
Betul Daily News/मुलताई। ग्रामीण अंचलों में लगातार नरवाई की आग की घटनाओं से लोग परेशान हैं साथ ही आर्थिक रूप से भी प्रभावित ही रहे हैं। इसके बावजूद किसान नरवाई जलाने से नहीं चूक रहे हैं तथा लगातार नरवाई जलाई जा रही है जिससे आग भड़क कर आसपास के खेतों में भी फैल रही है। नरवाई की आग से ग्राम खतेडाकला में खेत में बने कच्चे मकान सहित कृषि सामग्री जलकर खाक हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरन अमरुते के खेत में जलाई गई नरवाई से आग फैलकर रोशन अमरुते के खेत तक पहुंच गई। जिससे खेत में बने कच्चे मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से कृषि उपकरण, भूसा एवं खेत में लगे पेड़ों को नुकसान पहुंचा। आग से खेत में रखा मक्के का कड़वा भी आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। मौके पर फायर ड्राइवर मनोज सिंह तथा फायरमैन गिरीश पिपले एवं सुमित पूरी ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। आग लगने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Betul Crime: जोलखेड़ा रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
जल संसाधन विभाग कार्यालय के पास जलाई नरवाई
इधर नगर में भी अमरावती मार्ग पर जल संसाधन विभाग के कार्यालय के सामने खेत में नरवाई जलाने का मामला सामने आया है। नगर के आसपास भी प्रतिबंध के बावजूद नरवाई जलाई जा रही है जिससे अन्य लोग प्रभावित हो रहे हैं। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि गुरुवार शाम के समय हवाएं तेज होने के बावजूद नरवाई जलाई गई। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद नरवाई जलाई जा रही है तथा प्रशासनिक अधिकारी मूक दर्शक बने हुए हैं जिसका खामियाजा बड़ी संख्या में लोग भोगने पर मजबूर हैं।

