Betul Ki Khabar : हार्टीफ्रूट आईजी बेरीज कंपनी के खिलाफ कर्मचारी एवं मजदूरों का फूटा रोष

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

डहरगांव में कंपनी के प्लांट जाने के मार्ग पर दिया धरना किया प्रदर्शन

Betul Ki Khabar / मुलताई :- डहरगांव में स्थित हार्टफुट आईजी बेरीज कंपनी की गलत नीतियों एवं मनमानी के खिलाफ सोमवार सुबह कर्मचारियों एवं मजदूरों का रोष फूट पड़ा। सैकड़ों कर्मचारियों एवं मजदूरों कने कंपनी के प्लांट जाने वाले मार्ग पर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। कंपनी में कार्यरत माखन कसारे, मनोहर परिहार सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि हतनापुर पंचायत के अंतर्गत ग्राम डहरगांव में हार्टी फुट आईजी बेरी प्राईवेट लिमिटेड कंपनी का ब्लू बेरी का प्लांट स्थित है। जहां 300 से 400 मजदूर कार्य करते हैं। मजदूरों को कंपनी में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक काम कराया जाता है। उन्होने आरोप लगाए कि मजदूरों को नियमानुसार मजदूरी नही दी जा रही है तथा ठेकेदार के माध्यम से मजदूर रखे जा रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई प्रबंध नही है तथा बीमार होने पर कंपनी द्वारा ध्यान नहीं दिया जाता। मजदूरों ने मांग करते हुए कहा है कि कार्य के दौरान बीमार हुए मजदूरों का कंपनी द्वारा उपचार कराया जाए। मजदूरों की मजदूरी श्रम आयोग के आदेशानुसार नियत की जाए। मजदूरों का बीमा कंपनी के द्वारा किया जाए।

प्रतिवर्ष समय समय पर मजदूरी बढ़ाई जाए तथा वर्ष में एक बार मजदूरों को बोनस भी दिया जाए। अनुभव एवं कार्य की अवधि के अनुसार प्रमोशन दिया जाए। प्रतिदिन कार्य समय के उपरांत कार्य कराने पर ओवर टाईम की मजदूरी अलग से दी जाए। कंपनी पीएफ एकाउंट धारियों एवं जिस भी मजदूरों ने कंपनी में 6 माह या 180 दिन कार्य किया है उन्हें कपंनी पे रोल में स्थाई रूप से रखा जाए। माह में 26 ड्यूटी के साथ ही शासकीय अवकाश की मजदूरी भी देना कंपनी सुनिश्चित करे साथ ही शासकीय अवकाश के दिन कार्य करने पर दोगुनी मजदूरी दी जाए। मजदूरों ने कंपनी से तत्काल उनकी मांगों पर गौर करके निराकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि मांगे नही मानी गई तो वे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।

मजदूरों ने शोषण का लगाया आरोप

हार्टीफ्रूट आईजी कंपनी पर मजदूरों ने शोषण का आरोप लगाते हुए कहा है कि कंपनी द्वारा नियमानुसार मजदूरी नहीं दी जा रही है। कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने बताया कि उन्हें न्यूनतम मजदूरी दी जा रही है जबकि ठेकदार द्वारा कंपनी से अधिक मजदूरी ली जा रही है। मजदूरों ने बताया कि कंपनी प्लांट में अंदर जाने एवं आने के दौरान चेकिंग की जाती है जिसमें महिला मजदूरों की भी चेकिंग पुरूष ही करते हैं जर्बाक महिलाओं की चेकिंग के लिए महिला कर्मचारी होना आवश्यक है। मजदूरों ने बताया कि कंपनी में कुछ लोग बड़े स्तर पर दलाली करते हैं तथा मजदूरों का शोषण कर रहे हैं जिससे मजदू‌रों में रोष व्याप्त है।

थाने में जान से मारने की धमकी की शिकायत

कंपनी से अपने हक एवं अधिकार की मांग करने पर कंपनी के कुछ लोगों द्वारा कर्मचारियों एवं मजदूरों को धमकी देने की भी शिकायत थाना मुलताई में की गई है। कर्मचारी माखन कसारे निवासी पटेल वार्ड ने थाना प्रभारी को दी गई लिखित शिकायत में कहा गया है कि कंपनी के रंजन साहू, अनीस तथा अन्य लोगों के द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया है कि उक्त लोगों के द्वारा मजदूरों का शोषण किया जा रहा है तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई जिससे मजदूरों में भय व्याप्त है। शिकायत में कहा गया है कि कंपनी में कुछ लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से मजदूरों का शोषण किया जा रहा है साथ ही गुंडागर्दी करके भय का वातावरण बनाया जा रहा है।

Read Also : जिला पीएचई की रिर्पोट में नगर पालिका को क्लिन चिट

मजदूर ने की थी आत्महत्या

हार्टीफ्रुट आईजी बेरीज कंपनी शुरू से ही विवादों में रही है जहां विवाद थमने का नाम नही ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि पहले कंपनी बांध से बिना अनुमति के पानी लेने के विवाद में फंसी जिसके बाद कंपनी में कार्यरत एक मजदूर द्वारा आत्महत्या करने के बाद फिर कंपनी विवादों में आ गई थी। इसके बाद कंपनी के मजदूरों द्वारा आंदोलन करने के बाद हार्टीफ्रुट आईजी बेरीज कंपनी फिर सुर्खियों में बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कंपनी द्वारा प्लांट में जांच के दौरान मजदूर को अंदर नहीं जाने से क्रुद्ध मजदूर द्वारा पास ही की नदी में आत्महत्या कर ली गई थी।

जिला श्रम अधिकारियों ने मजदूरों को दिया आश्वासन

पूरे मामले में स्थिति बिगड़ने पर जिला श्रम अधिकारी भगत मौके पर पहुंचे तथा मजदूरों की मांगे सुनकर उनकी मांगे कंपनी के सामने रखने का आश्वासन दिया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जेडी पाटिल ने बताया कि जिला श्रम अधिकारी के आश्वासन के बाद सोमवार धरना स्थगित कर दिया गया है लेकिन जब तक मांगे पूरी नहीं होती अनिश्चितकालीन धरना चलता रहेगा। उन्होने बताया कि धरना प्रदर्शन के लिए मजदूरों के द्वारा तैयारियां की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब तक समस्त मांगों को पूर्ण नहीं किया जाता तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

Leave a Comment