व्यवस्था बनाने की सिर्फ निभाई जाती है औपचारिकता, समस्या रहती है वहीं की वहीं
Betul Samachar News/मुलताई। नगर में कुछ समस्याएं ऐसी है जो हमेशा से कायम है और रहेगी जिसका कारण यह है कि समस्याओं पर पुख्ता कार्रवाई नही होना। तहसील कार्यालय के पास मुख्य मार्ग पर लगातार वाहनों का जमघट तथा बाहर से आने वाले व्यापारियों द्वारा बड़ी बड़ी दुकानें लगाकर मार्ग अवरूद्ध करने का लंबे समय से सिलसिला चल रहा है। उक्त समस्या को लेकर जब अधिकारियों को अवगत कराया गया तो प्रशासन द्वारा एक दिन कार्रवाई कर औपचारिकता पूर्ण कर दी गई लेकिन दूसरे ही दिन से समस्या फिर वहीं की वहीं थी जिस पर अधिकारियों द्वारा फीड बैंक लेना भी उचित नहीं समझा गया। तहसील कार्यालय एवं एसडीओपी आफिस के सामने खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ते हुए अधिकारी स्वयं कार्यालयों में आते जाते समय देखते हैं। लेकिन दोबारा कार्रवाई करने की जहमत नही उठाई जाती जिससे अतिक्रमण करने वालों के हमेशा हौसले बुलंद रहते हैं। उन्हे मालूम होता है कि कार्रवाई सिर्फ एक दिन की रहती है दूसरे दिन फिर सब कुछ सामान्य हो जाता है इसलिए जो मनमर्जी हो कर सकते हैं। परेशानी तब बढ़ जाती है जब उक्त समस्या को लेकर कोई बड़ी घटना हो जाती है इसके बाद फिर प्रशासन कार्रवाई में जुट जाता है लेकिन यदि समय रहते ही अलर्ट रहे तो समस्या विकराल ही नहीं हो। लेकिन अधिकारियों द्वारा इस शिकायत पर मात्र कार्रवाई की औपचारिकता निभाना भविष्य में बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है।

Read Also: भैंसदेही ब्लॉक के काबरा रैयत गांव में पेयजल संकट गहराया: ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत
मुख्य मार्ग पर नही हुआ वाहनों का खड़े रहना बंद
नगर में जय स्तंभ से फव्वारा चौक पर संकर मुख्य मार्ग पर लोग चार पहिया वाहन खड़े करके चले जाते हैं जिसमें कई बार फायर ब्रिगेड, एंबूलेंस एवं अधिकारियों के वाहन भी फंस चुके हैं। इसके बावजूद मात्र एक दिन की कार्रवाई की औपचारिकता करके इतिश्री कर दी जाती है। इसके बाद लगातार प्रतिदिन सुबह से शाम तक ट्रेफिक जाम की स्थिति बन रही है। लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा एक दिन वाहनों पर जैमर लगा कर कार्रवाई की औपचारिकता कर दी गई। इसके बावजूद प्रतिदिन चार पहिया वाहन सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं तथा वाहन चालक खरीदी कर रहे हैं। नियमानुसार वाहनों को मस्जिद के सामने बने नगर पालिका के पार्किंग स्थल पर खड़े कराना चाहिए ताकि मार्ग विलीयर रहे लेकिन एक दिन की कार्रवाई की बाद समस्या वहीं की वहीं है। वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है इसलिए मुख्य मार्ग पर ट्रेफिक का सुबह से रात तक दबाव बना हुआ है। ऐसी समय यदि एक भी चार पहिया वाहन मार्ग पर खड़ा हो जाता है तो दोनों ओर वाहनों की लंबी लाईन लग जाती है। इसके बावजूद जब तक किसी के द्वारा शिकायत नहीं की जाती पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है।

