म्यूजिकल फाउंटेन के ठेकेदार का अनुबंध होगा निरस्त, PIC की बैठक में निर्णय

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                26 प्रस्ताव पारित, साप्ताहिक बाजार में शीघ्र होगें मूलभूत सुविधाओं के निर्माण

Betul Ki Khabar/मुलताई। नगर पालिका सभागृह में मंगलवार पीआईसी की बैठक आहूत की गई जिसमें नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, सभापति अजय यादव सहित अन्य सभापति एवं सीएमओ विरेन्द्र तिवारी मौजूद रहे। बैठक में पीआईसी के सदस्यों द्वारा ताप्ती सरोवर के लिए लाया गया म्यूजिकल फांउटेन के ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया। उक्त ठेकेदार द्वारा जो म्यूजिकल फाउंटेन सरोवर में लगाया गया था वह घटिया होने के कारण कुछ दिनों के बाद ही खराब हो गया था जिसके कारण फाउंटेन को सरोवर से निकालना पड़ा था। खराब फाउंटेन लगाने से नगर पालिका को भी आलोचना का शिकार होना पड़ा था वहीं घटिया फाउंटेन लगाने से नगर पालिका की खरीदी पर सवाल खड़े हुए थे। पूरे मामले को लेकर नपाध्यक्ष ने बताया कि उक्त फाउंटेन का ठेकेदार को भुगतान ही नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि ठेकेदार की गुणवत्ता पूर्ण म्यूजिकल फाउंटेन लगाने का कहा गया था लेकिन लंबे समय बाद भी फाउंटेन नहीं लगाने से ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने का प्रस्ताव पीआईसी द्वारा लिया गया। इसके अलावा ताप्ती सरोवर में स्लूज गेट निर्माण कार्य की भी निविदा निरस्त कर ठेकेदार की अमानत राशि राजसात करने का प्रस्ताव लिया गया।

Read Also:- लगातार बारिश से ताप्ती सरोवर में बढ़ी जल की आवक

बताया जा रहा है कि स्लूज गेट का ठेका होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। कार्य बारिश के पूर्व पूर्ण होना था क्योंकि बारिश लगने के बाद निर्माण नही किया जा सकता जिससे अब आगामी वर्ष में ही स्लूज गेट का निर्माण हो सकता है। इसके अलावा नवनिर्मित सूर्यनारायण सरोवर के उपर से जा रही 11 केवी लाईन लाईन हटाए जाने के संबन्ध में भी प्रस्ताव लिया गया है क्योंकि सूर्यनारायण सरोवर के उपर से 11 केवी लाईन के जाने से कभी भी दुर्घटना हो सकती है इसके लिए विद्युत वितरण कंपनी से लाईन सरोवर के उपर से हटवाई जाएगी।

साप्ताहिक बाजार में बढ़ेगी मूलभूत सुविधाएं

पीआईसी की बैठक में इंदिरा गांधी वार्ड में स्थित साप्ताहिक बाजार में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रस्ताव पारित किए गए हैं। सभापति अजय यादव ने बताया कि बारिश के दौरान साप्ताहिक बाजार में सब्जी विक्रेताओं तथा किसानों की कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए बाजार स्थल पर प्रकाश व्यवस्था के तहत हाईमास्ट लगाने के साथ ही शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा। इधर बैतूल रोड पर मंगलवार बाजार से ड्रीमलैंड सिटी तक मुख्य मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से नगर पालिका द्वारा स्ट्रीट लाईट लगाने हेतू पोल लगाने का प्रस्ताव लिया गया है ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों को पवित्र नगरी जगमग नजर आ सके।

Leave a Comment