Betul Samachar/मुलताई (सलमान शाह):- तहसील विधिक सेवा समिति, सिविल न्यायालय मुलताई के तत्वावधान में शुक्रवार को “पंच-ज” अभियान के तहत न्यायालय परिसर में विशाल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण, जल, जंगल, जानवर और जीवन के संरक्षण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में प्रथम जिला न्यायाधीश संदीप पाटिल, अपर जिला न्यायाधीश संजय भलावी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अभिजीत वासकले, श्वेता गौतम, सरिता डाबर और देवेंद्र सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। न्यायाधीश संदीप पाटिल ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “प्रकृति को संतुलित बनाए रखने के लिए केवल पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण करना भी हम सभी का नैतिक दायित्व है।” उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।
रिश्तेदारों पर मारपीट और धमकी का आरोप, इंजन को कुएं में फेंकने की घटना से परिवार में दहसत
अपर जिला न्यायाधीश संजय भलावी ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है, जिसे सभी को अपनाना चाहिए। न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिजीत वासकले और अन्य अधिकारियों ने “हरियाली ही जीवन है” का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं लेने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि न्यायपालिका केवल न्याय देने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों को निभाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है