टोह वाल का निर्माण शुरू एक माह में तालाब के कायाकल्प एवं सौंदर्यकरण का लक्ष्य, निर्माण कार्य में तेजी
Betul Samachar/मुलताई। छोटे तालाब के कायाकल्प के लिए नगर पालिका द्वरा तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है ताकि बारिश के पूर्व कार्य पूर्ण हो सके। निर्माण कार्य के लिए अभी तक तालाब की तीन सीढ़ियों तक पानी खाली कर दिया गया है तथा रविवार एक और सीढ़ी पानी खाली कर टोह वाल का निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा। उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि तालाब के सौंदर्याकरण का कार्य करने के लिए एक माह का लक्ष्य रखा गया है जिसके लिए निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होने बताया कि निर्माण के बाद छोटा तालाब सुंदर एवं आकर्षक नजर आएगा। उन्होने बताया कि सीढ़ियों के निर्माण के लिए पानी खाली किया जा रहा है क्योंकि चार सीढ़ियों तक पानी खाली करके ही निर्माण कार्य व्यवस्थित रूप से किया जा सकता है। निर्माण में स्टील की रैलिंग से तालाब और अधिक आकर्षक नजर आएगा साथ ही नगर वासियों के भ्रमण के लिए भी यह उपयुक्त स्थल होगा। वर्तमान में मशीनों से तालाब से जल निकासी मार्ग पर कार्य किया जा रहा है जिसके तहत खुदाई की जा रही है तथा इसके बाद अब सीमेंट कांक्रिट का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उपयंत्री के अनुसार कार्य जिस गति से चल रहा है यदि इस दौरान बारिश भी आ जाती है तो निर्माण कार्य पर कोई प्रभाव नही पड़ेगा। उन्होने बताया कि लगभग 25 लाख की लागत से तालाब का सौंदर्याकरण किया जा रहा है जिससे शीघ्र ही तालाब नये रूप में सभी के सामने होगा।
तालाब सौंदर्याकरण के बाद लगाई जा सकती है चौपाटी
नगर पालिका द्वारा पूर्व में छोटा तालाब के किनारे चौपाटी लगाने का प्रयास प्रयोग के तौर पर किया गया था जिसके अपेक्षित सफलता नही मिलने पर अंततः चौपाटी बंद कर दी गई थी। वर्तमान में तालाब के सौंदर्याकरण का कार्य चल रहा है। जिसके बाद तालाब और अधिक आकर्षक नजर आएगा। ऐसी स्थिति में शाम में लोग भ्रमण के लिए छोटा तालाब जा सकते हैं। जहां अब चौपाटी लगाना उपयुक्त रहेगा। जागरूक नागरिकों ने बताया कि सौंदर्याकरण के बाद नगर पालिका द्वारा चौपाटी लगाने से नगर का यह एक रमणीक स्थल हो जाएगा जहां शाम से लेकर रात तक रौनक बनी रहेगी वहीं बच्चों सहित लोग भेल पुरी सहित अन्य खाद्य पदार्थों का आनंद तालाब के किनारे बैठ कर ले सकते है। नागरिकों द्वारा तालाब के कायाकल्प के बाद चौपाटी लगाने के लिए नपा को विचार करने का कहा गया है।
Betul Ki Khabar: अनाज व्यापारियों ने छल से किसानों की फसल की हड़प ली राशि
स्टेशन रोड से हट सकता है दोनों ओर का अतिक्रमण
वर्तमान में स्टेशन रोड पर दोनों ओर चाट पकौड़ी, आईस्क्रीम सहित अन्य खाद्य पदार्थों के ठेलों की भरमार है जिससे दोनों ओर का मार्ग संकरा हो चुका है। इसके अलावा आटो, चार पहिया वाहन सहित फल दुकानें भी जगह जगह लगी है जिससे लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। यह अतिक्रमण ग्रीष्मकाल में और अधिक बढ़ गया है तथा शाम में चाट तथा आईस्क्रीम की दुकानों के कारण मार्ग पर ही लोगों की भीड़ रहती है जिससे दुर्घटना होने की संभावना बढ़ गई है। उक्त मार्ग पर चार पहिया वाहनों की अघोषित पार्किंग बन गई है जिसे हटाना आवश्यक है। छोटा तालाब के पास यदि एक बार फिर चौपाटी का प्रयास किया जाता है तो स्टेशन मार्ग से अतिक्रमण स्वतः ही हट सकता है।

