MP News Today: मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में बंदूकों की एक दुकान में सोमवार को जोरदार धमाका हो गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक वेल्डिंग के काम के दौरान धमाका हो गया, जिसके बाद दुकान में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक धमाके की वजह से आग लगने से दुकान के एक मालिक और एक ग्राहक समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है और इसके लाइसेंस की जांच की जा रही है। वहीं एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है।
दुकान में हुआ जोरदार ब्लास्ट, झुलसी हालत में बाहर निकले तीन लोग
बंदूक की दुकान में जोरदार धमाके की घटना रतलाम के सबसे व्यस्त इलाके चांदनी चौक की है. जहां पर पहले वेल्डिंग से निकली चिंगारी से आग लगी और उसके बाद जोरदार धमाका हो गया. आसपास के लोगों की माने तो जैसे बारूद में ब्लास्ट होता है उसी तरह धमाके की आवाज उन्हें सुनाई दी.
कुछ सेकेंड बाद दुकान मालिक और दो कर्मचारी झुलसी हुई हालत में ही दुकान के बाहर निकल आए. जिन्हें आसपास के लोगों की मदद से रतलाम के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया, जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है. धमाके के बाद दुकान में भीषण आग लग गई. घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया है.
Read Also; रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: प्रेम संबंध छिपाने के लिए मां ने कर दी बेटे की हत्या
पुलिस ने कहा, फोरेंसिक टीम करेगी घटना की जांच
शहर के व्यस्ततम और पॉश इलाके में हुए इस धमाके के बाद माणक चौक थाना पुलिस और आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं. रतलाम सीएसपी सत्येंद्र घनगोरिया ने बताया कि लाइसेंसी हथियारों की दुकान में धमाके और आग लगने की घटना की जांच की जा रही है.
मौके पर कई खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं. इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. इस पूरे घटनाक्रम की फोरेंसिक जांच भी करवाई जाएगी जिससे स्पष्ट हो सके कि आग लगने के बाद किस वजह से धमाका हुआ.
बहरहाल इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों का पहले जिला अस्पताल उसके बाद निजी अस्पताल में उपचार जारी है. माणक चौक थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

